मंत्री रामकृपाल यादव का विपक्ष पर बड़ा हमला: कांग्रेस और अन्य दल हार स्वीकार करें, प्रदर्शनकारियों को मिल रही है विदेशी फंडिंग

बिहार सरकार के मंत्री व बीजेपी के वरिष्ठ नेता रामकृपाल यादव ने कांग्रेस और दिल्ली में कर रहे प्रदर्शनकारियों पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस और विपक्ष देश के विकास को बाधा पहुंचाना की कोशिश कर रहा है, लेकिन ऐसा होना नही है....

मंत्री रामकृपाल यादव का विपक्ष पर बड़ा हमला- फोटो : नरोत्तम कुमार

Patna : लोकनायक जयप्रकाश नारायण की 124वीं जयंती के अवसर पर पटना में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव ने विपक्ष, विशेषकर कांग्रेस पार्टी पर कड़ा प्रहार किया है। 


इनकम टैक्स गोलंबर के पास मेट्रो निर्माण कार्य के निरीक्षण के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने विपक्ष के हालिया प्रदर्शनों को पूरी तरह से राजनीति से प्रेरित बताया।


"यदि चुनाव में हार गए हैं, तो कांग्रेस अपनी हार स्वीकार करे"

रामकृपाल यादव ने कहा कि लोकतंत्र में जनता के फैसले का सम्मान करना चाहिए। यदि कांग्रेस पार्टी या अन्य विपक्षी दल चुनावों में जनता के वोट से हार रहे हैं, तो उन्हें अपनी हार को स्वीकार करना चाहिए। बार-बार चुनाव हारने के बावजूद इस तरह के विरोध-प्रदर्शन करना और जनता को परेशानी में डालना अनुचित है।


राहुल गांधी पर करारा प्रहार

उन्होंने कांग्रेस सांसद व लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर करारा प्रहार करते हुए कहा कि राहुल गांधी को सत्ता का मोह छोड़ नहीं रहा है, लेकिन न तो उन्हें सत्ता मिली थी, न मिली है और न ही मिलने वाली है। 


"प्रदर्शनकारी कांग्रेस के एजेंट, मिल रही है विदेशी फंडिंग"

विपक्ष और प्रदर्शनकारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि सड़कों पर हंगामा कर रहे लोग असल में कांग्रेस के एजेंट हैं। देश में राजनीतिक अस्थिरता पैदा करने के लिए इन ताकतों को विदेशी फंडिंग (विदेशी मदद) मिल रही है। उन्होंने दावा किया कि देश की प्रगति और स्थिरता को कमजोर करने के लिए कुछ बाहरी ताकतें लगातार साजिश रच रही हैं, जिसे जनता और सरकार पूरी तरह नाकाम कर देगी।


नरोत्तम की रिपोर्ट