Bihar News : मंत्री संतोष कुमार सुमन ने दी विपक्ष को सलाह, कहा 'ब्रिक्स जैसे वैश्विक मंचों पर राष्ट्रहित को रखें सर्वोपरि, राजनीति के लिए होंगे कई मौके
Bihar News : बिहार सरकार के मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के अवसर पर देश की राजनीति में परिपक्वता और एकजुटता की पुरजोर वकालत की है.....पढ़िए आगे
PATNA : हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (से) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं लघु जल संसाधन मंत्री, बिहार सरकार, डॉ. संतोष कुमार सुमन ने कहा कि ब्रिक्स जैसे महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय शिखर सम्मेलन के अवसर पर जब 21 देशों के शीर्ष नेता भारत पहुंचे हैं और पूरी दुनिया की नजर हमारे देश पर है। तब भारत की राजनीति को भी परिपक्वता और एकजुटता का परिचय देना चाहिए। यह किसी एक दल या सरकार का कार्यक्रम नहीं, बल्कि भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा और बढ़ते प्रभाव से जुड़ा महत्वपूर्ण अवसर है।
उन्होंने कहा कि विपक्ष का अपना राजनीतिक धर्म है और सत्ता पक्ष को भी अपनी जिम्मेदारियां निभानी हैं, लेकिन हर विषय पर तत्काल राजनीतिक तंज और जवाबी तंज का सिलसिला उचित नहीं है। यदि किसी उपलब्धि की प्रशंसा नहीं कर सकते थे, तो कम से कम ऐसे अंतरराष्ट्रीय अवसर पर चुप भी रह सकते थे। राजनीति के लिए देश में अनेक अवसर हैं और राजनीतिक मतभेद लोकतंत्र का हिस्सा हैं, लेकिन राष्ट्रहित और भारत की प्रतिष्ठा उससे ऊपर होनी चाहिए।
डॉ. सुमन ने कहा कि ब्रिक्स और ऐसे अन्य अंतरराष्ट्रीय आयोजनों के समय दुनिया को भारत राजनीतिक रूप से बंटा हुआ नहीं, बल्कि एक मजबूत, आत्मविश्वासी और एकजुट राष्ट्र के रूप में दिखाई देना चाहिए। सत्ता पक्ष और विपक्ष अपनी राजनीति करते रहें, चुनाव भी आते-जाते रहेंगे, लेकिन भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा का अवसर बार-बार नहीं आता।
उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से आग्रह किया कि ऐसे मौकों पर दलगत राजनीति से ऊपर उठकर देशहित, राष्ट्रीय सम्मान और भारत की मजबूत वैश्विक छवि को प्राथमिकता दें।