Bihar News : बोधगया पहुंचे सुप्रीम कोर्ट और दिल्ली हाईकोर्ट के जज, गार्ड ऑफ ऑनर से हुआ स्वागत, सुरक्षा के किये गए कड़े इंतजाम

Bihar News : बोधगया में आज उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश एवं दिल्ली उच्च न्यायालय के अन्य न्यायाधीशों का आगमन हुआ। जिसके लिए प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए।

Bihar News : बोधगया पहुंचे सुप्रीम कोर्ट और दिल्ली हाईकोर्ट
बोधगया पहुंचे जज - फोटो : MANOJ

GAYAJI : उच्चतम न्यायालय (Supreme Court) के एक न्यायाधीश और उच्च न्यायालय, दिल्ली (Delhi High Court) के अन्य न्यायाधीशगण शनिवार को अपने दो दिवसीय आध्यात्मिक व सांस्कृतिक भ्रमण के सिलसिले में विश्व प्रसिद्ध बौद्ध नगरी बोधगया पहुंचे। न्यायाधीशों के आगमन को लेकर गया जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ राजकीय प्रोटोकॉल का विशेष ध्यान रखा गया है।

बोधगया पहुंचने के उपरांत न्यायाधीशों के ठहरने के लिए बनाए गए आईटीसी वेलकम होटल परिसर में उन्हें पुलिस बल द्वारा 'गार्ड ऑफ ऑनर' की भव्य सलामी दी गई। सलामी के दौरान गया के जिला पदाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक समेत कई अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी व्यक्तिगत रूप से मौजूद रहे और जजों का भव्य स्वागत किया।

न्यायाधीशों के इस हाई-प्रोफाइल दौरे को देखते हुए पूरे बोधगया शहर और विशेषकर महाबोधि मंदिर तथा होटल परिसर के आसपास सुरक्षा के चाक-चौबंद और पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। वीआईपी सुरक्षा के निर्धारित मानकों का पालन करते हुए प्रमुख रास्तों, चौराहों और रणनीतिक स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल व दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है, ताकि पूरे कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था त्रुटिहीन बनी रहे।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, न्यायाधीशों का यह दौरा पूरी तरह से आध्यात्मिक और शांतिपूर्ण भ्रमण के उद्देश्य से आयोजित किया गया है। जजों के बोधगया प्रवास के दौरान उनके महाबोधि मंदिर दर्शन और अन्य ऐतिहासिक धरोहरों के भ्रमण को लेकर गया जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है और सभी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली गई हैं।

मनोज की रिपोर्ट