Bihar News : विपक्ष पर बरसे मंत्री संतोष कुमार सुमन, कहा- पर्यटन के लिए नहीं, 140 करोड़ भारतीयों के भविष्य के लिए होते हैं पीएम के विदेश दौरे

Bihar News : बिहार सरकार के लघु जल संसाधन मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विदेश दौरों को लेकर विपक्ष द्वारा की जा रही बयानबाजी पर कड़ा ऐतराज जताया है.....पढ़िए आगे

विपक्ष पर हमला - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (से.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार सरकार के लघु जल संसाधन मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विदेश दौरों पर विपक्ष द्वारा की जा रही टिप्पणियों को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। डॉ. सुमन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों से अनावश्यक विदेश यात्राओं और ऊर्जा की फिजूलखर्ची से बचने की अपील को विपक्ष जानबूझकर गलत तरीके से प्रस्तुत कर रहा है। प्रधानमंत्री की अपील का उद्देश्य वैश्विक परिस्थितियों के बीच जिम्मेदार व्यवहार और संसाधनों के संतुलित उपयोग के प्रति जागरूक करना है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के विदेश दौरे व्यक्तिगत सुविधा या पर्यटन के लिए नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों के भविष्य, रोजगार, व्यापार, निवेश, ऊर्जा सुरक्षा और वैश्विक अवसरों को बढ़ाने के लिए होते हैं। प्रधानमंत्री इसलिए विदेश दौरे कर रहे हैं ताकि भारत के लोगों के लिए दुनिया के दरवाजे और अधिक खुलें, भारतीय युवाओं को रोजगार एवं शिक्षा के नए अवसर मिलें, भारतीय उद्योगों को वैश्विक बाजार मिले और आने वाले समय में देश का हर नागरिक आर्थिक रूप से इतना सक्षम बने कि वह भी दुनिया में सम्मानपूर्वक यात्रा कर सके।

डॉ. सुमन ने कहा कि आज भारत की मजबूत अंतरराष्ट्रीय छवि के कारण विदेशों में भारतीयों का सम्मान बढ़ा है। अनेक देशों के साथ बेहतर संबंध बनने से वीजा, व्यापार, निवेश, तकनीकी सहयोग और रोजगार के नए अवसर पैदा हुए हैं। यह सब प्रधानमंत्री मोदी की सक्रिय और दूरदर्शी विदेश नीति का परिणाम है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की आधिकारिक विदेश यात्राओं की तुलना निजी यात्राओं से करना राजनीतिक अपरिपक्वता और मानसिक दिवालियेपन का प्रमाण है। विपक्ष को देशहित के मुद्दों पर भ्रम फैलाने के बजाय यह स्वीकार करना चाहिए कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत आज विश्व मंच पर पहले से कहीं अधिक मजबूत और प्रभावशाली स्थिति में खड़ा है।