Bihar News : बिहार सरकार का बड़ा फैसला, दिव्यांगों और बुजुर्गों के लिए चलेंगी विशेष CNG लो-फ्लोर बसें, चढ़ने के लिए सीढ़ियों की जगह होगा रैंप

Bihar News : महिलाओं के लिए 'पिंक बस सेवा' की सफल शुरुआत करने के बाद, अब बिहार सरकार ने दिव्यांगजनों और बुजुर्गों को बड़ा तोहफा देने की तैयारी कर ली है......पढ़िए आगे

Bihar News : बिहार सरकार का बड़ा फैसला, दिव्यांगों और बुजुर्
बुजुर्गों को तोहफा - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : महिलाओं के लिए पिंक बस सेवा शुरू करने के बाद अब बिहार सरकार दिव्यांगजनों और बुजुर्गों की सुविधा के लिए विशेष बसें चलाने जा रही है। परिवहन विभाग 6 करोड़ 70 लाख रुपये की लागत से 14 सीएनजी आधारित लो-फ्लोर बसें खरीद रहा है, जिन्हें पहले पटना जिले में संचालित किया जाएगा। इन बसों में दिव्यांगजनों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए कई खास सुविधाएं दी गई हैं। 

इन बसों में सीढ़ियों की जगह रैंप होगा, जिससे व्हीलचेयर वाले यात्री आसानी से बस में चढ़-उतर सकें। साथ ही व्हीलचेयर रखने की अलग व्यवस्था, कम ऊंचाई वाली सीटें, हैंडरेल, ऑडियो अलर्ट सिस्टम जैसी सुविधाएं भी होंगी। बिहार में दिव्यांगजनों की संख्या लगभग 23 लाख से अधिक है। 

फिलहाल बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (बीएसआरटीसी) की सभी बसों में उनके लिए सीटें आरक्षित हैं, लेकिन सामान्य बसों में यात्रा करते समय उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इन विशेष बसों के शुरू होने से दिव्यांगों और बुजुर्गों को यात्रा में काफी राहत मिलेगी। 

निगम के अनुसार, बसों का ऑर्डर जेम पोर्टल के माध्यम से दे दिया गया है। चार महीने के अंदर बसें डिलीवर हो जाएंगी। बसों के किराए और रूट का फैसला डिलीवरी के बाद किया जाएगा। शुरुआत पटना जिले से होगी, बाद में इन्हें राज्य के अन्य जिलों में भी चलाया जाएगा। यह पहल दिव्यांगजनों को सम्मानजनक व सुगम यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगी।