Bihar News : 'गरीबों की राजनीति करने वाले दिखा रहे राजसी ठाठ-बाट', मंत्री संतोष कुमार सुमन ने लालू परिवार पर किया तीखा हमला

Bihar News : डॉ. सुमन ने कहा कि लालू परिवार द्वारा प्रदर्शित की जा रही जीवनशैली और प्रदर्शन की राजनीति ने एक बार फिर जनता के सामने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं....पढ़िए आगे

लालू परिवार पर तीखा हमला - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : बिहार सरकार के मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने कहा की राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव और उनके परिवार द्वारा प्रदर्शित राजनीतिक आचरण एक बार फिर जनता के सामने कई सवाल खड़े करता है। वर्षों तक गरीबों, वंचितों और सामाजिक न्याय की राजनीति का दावा करने वाले नेता आज ऐसी जीवनशैली और प्रदर्शन की राजनीति करते दिखाई देते हैं, जो आम जनता की वास्तविकताओं से मेल नहीं खाती।

डॉ. संतोष कुमार सुमन ने कहा कि यदि कोई नेता स्वयं को गरीबों का सबसे बड़ा हितैषी बताता है, तो उसे अपने आचरण में भी सादगी और संवेदनशीलता का उदाहरण प्रस्तुत करना चाहिए। जनता यह देख रही है कि एक ओर गरीबी और सामाजिक न्याय की बातें की जाती हैं, वहीं दूसरी ओर राजसी ठाठ-बाट का प्रदर्शन किया जाता है।

उन्होंने कहा कि राजनीति सेवा का माध्यम है, प्रदर्शन का नहीं। जनता अब केवल भाषणों से नहीं, बल्कि नेताओं के आचरण और जीवनशैली से भी उनकी प्रतिबद्धता का मूल्यांकन कर रही है। बिहार की जनता जागरूक है और कथनी तथा करनी के बीच के अंतर को भली-भांति समझती है।

डॉ. सुमन ने कहा कि सामाजिक न्याय का वास्तविक अर्थ समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान के लिए कार्य करना है, न कि केवल प्रतीकात्मक राजनीति करना। लोकतंत्र में जनता ही अंतिम निर्णायक होती है और वह समय आने पर अपना निर्णय अवश्य सुनाती है।