Bihar News : गंगा में वाटर मेट्रो के लिए मंत्री संतोष सुमन ने बिहार सरकार को दी बधाई, राज्य की बदलती तस्वीर का बताया प्रतीक
Bihar News : बिहार सरकार के मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने कहा है कि गंगा नदी में वाटर मेट्रो का परिचालन शुरू होना राज्य के आधुनिक विकास, परिवहन और पर्यटन के क्षेत्र में एक मील का पत्थर है.....पढ़िए आगे
PATNA : हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (से.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार सरकार के लघु जल संसाधन मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने कहा कि गंगा में वाटर मेट्रो का परिचालन शुरू होना बिहार के आधुनिक विकास, परिवहन और पर्यटन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। यह बिहार की बदलती तस्वीर और आधुनिक सुविधाओं से जुड़ते नए दौर का प्रतीक है।
उन्होंने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एवं बिहार सरकार को बधाई देते हुए कहा कि गंगा बिहार की जीवनधारा ही नहीं, बल्कि हमारी सभ्यता, संस्कृति और ऐतिहासिक पहचान की भी प्रतीक है। डॉ. सुमन ने कहा कि इसी गंगा के तट पर मनाया जाने वाला छठ महापर्व हमारी लोकआस्था, सामाजिक समरसता और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का अद्भुत उदाहरण है। एक ओर वाटर मेट्रो के माध्यम से गंगा को आधुनिक परिवहन और पर्यटन से जोड़ने का प्रयास हो रहा है, तो दूसरी ओर छठ महापर्व हमें गंगा की पवित्रता, स्वच्छता और संरक्षण का संदेश देता है। विकास और विरासत का यह संगम ही नए बिहार की पहचान है।
उन्होंने कहा कि छठ महापर्व को लेकर राज्य सरकार द्वारा घाटों पर सफाई, रोशनी, पेयजल, बैरिकेडिंग और सुरक्षा की व्यवस्था सुनिश्चित करना सराहनीय है। उन्होंने कहा कि गंगा की गरिमा बनाए रखना और श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं स्वच्छ घाट उपलब्ध कराना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। छठ केवल एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि बिहार की सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक एकता का महापर्व है।
उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे स्वच्छता और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखते हुए इस महापर्व को श्रद्धा, उल्लास और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाएं। आधुनिक विकास के साथ अपनी सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण ही विकसित बिहार का वास्तविक संकल्प होना चाहिए।