डीएम के निरीक्षण के बाद भी नहीं सुधरी चंदसार पोखर घाट निर्माण की सूरत, बिना बालू के बिछाए जा रहे पेवर ब्लॉक
जिले के अमरपुर शहर स्थित प्रसिद्ध चंदसार पोखर के सौंदर्यीकरण और सीढ़ी घाट निर्माण में गुणवत्ता की अनदेखी का गंभीर मामला सामने आया है। सबसे बड़ी बात यह है कि कुछ दिन पहले ही डीएम ने भी इसे लेकर नाराजगी जताई थी ...
Banka : जिले के अमरपुर शहर स्थित प्रसिद्ध चंदसार पोखर के सौंदर्यीकरण और सीढ़ी घाट निर्माण में गुणवत्ता की अनदेखी का गंभीर मामला सामने आया है। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कराए जा रहे इस निर्माण कार्य में भारी अनियमितता बरती जा रही है, जिससे स्थानीय लोगों में तीव्र आक्रोश है। आरोप है कि संवेदक द्वारा बिना किसी मानक के मनमाने तरीके से काम कराया जा रहा है, जिसकी बानगी यह है कि घाट के समीप पेवर ब्लॉक बिछाने के दौरान उसके नीचे मानक के अनुरूप बालू तक का इस्तेमाल नहीं किया जा रहा है।
सीधे मिट्टी पर बिछाए जा रहे पेवर ब्लॉक, मुंशी का अटपटा जवाब सुन भड़के ग्रामीण
मंगलवार को जब स्थानीय लोग निर्माण कार्य का जायजा लेने पहुँचे, तो उन्होंने देखा कि मजदूर बिना बालू की कुटाई किए सीधे मिट्टी के ऊपर ही पेवर ब्लॉक बिछा रहे हैं। इस लापरवाही को देख जब ग्रामीणों ने विरोध किया और कार्यस्थल पर मौजूद मुंशी योगेंद्र सिंह से इस बारे में पूछा, तो उन्होंने अजीबोगरीब दलील दी। मुंशी का कहना था कि छठ पर्व से पहले काम जल्दी खत्म करना है, इसलिए फिलहाल बिना बालू के ही ब्लॉक बिछाए जा रहे हैं और बाद में ऊपर से बालू डाल दिया जाएगा। इस गैर-जिम्मेदाराना जवाब से ग्रामीणों का गुस्सा और भड़क उठा।
कुछ दिन पहले डीएम ने भी जताई थी नाराजगी, फिर भी कार्यशैली में नहीं आया सुधार
गौरतलब है कि इसके करीब पांच दिन पूर्व ही बांका के जिला पदाधिकारी अंशुल अग्रवाल ने चंदसार पोखर स्थित इस छठ घाट का औचक निरीक्षण किया था। इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन सीढ़ी घाट का जायजा लिया था और सीढ़ियों की चौड़ाई व निर्माण की सुस्त रफ्तार तथा गुणवत्ता पर गहरी नाराजगी व्यक्त की थी। डीएम के कड़े रुख के बावजूद जमीनी स्तर पर कार्यशैली में कोई सुधार न आना संबंधित विभागीय अभियंताओं की कार्यप्रणाली और लचर मॉनिटरिंग पर गंभीर सवालिया निशान खड़े कर रहा है।
सूचना पट्ट के अभाव में पारदर्शिता गायब, जनता को योजना की लागत का नहीं पता
इस निर्माण कार्य की पारदर्शिता पर भी बड़ा ग्रहण लगा हुआ है। कार्यस्थल पर विभागीय नियमों को ताक पर रखकर अब तक कोई सूचना पट्ट (Information Board) नहीं लगाया गया है। इसके कारण आम जनता और प्रबुद्ध नागरिकों को यह पता ही नहीं चल पा रहा है कि यह योजना किस विभाग के तहत हो रही है, इसकी कुल प्राक्कलित राशि (Estimates Cost) कितनी है और इसे पूरा करने की आधिकारिक समय-सीमा क्या है। सूचना पट्ट न होने से प्रशासनिक शिथिलता साफ झलक रही है।
व्रतियों की सुरक्षा से जुड़ा है मामला, ग्रामीणों ने उच्चस्तरीय जांच और कार्रवाई की मांग की
चंदसार पोखर अमरपुर का एक अति महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक धार्मिक स्थल है, जहाँ छठ महापर्व के दौरान हजारों की संख्या में व्रती और श्रद्धालु अर्घ्य देने पहुँचते हैं। ऐसे में यदि घटिया निर्माण के कारण पेवर ब्लॉक उखड़े, तो श्रद्धालुओं को भारी असुविधा व दुर्घटना का सामना करना पड़ सकता है। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि इस पूरे मामले की तकनीकी जाँच कराई जाए, मानक के विपरीत हो रहे काम को रोककर सुधारा जाए तथा दोषी संवेदक व लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।