Bihar Politics : आपातकाल की 50वीं वर्षगांठ पर मंत्री संतोष सुमन ने कांग्रेस पर साधा निशाना, कहा असहमति की हर आवाज़ को दबाने की हुई कोशिश

Bihar Politics : मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने आपातकाल की 50वीं वर्षगांठ पर कांग्रेस पर तीखा प्रहार किया है। उन्होंने कहा कि 25 जून 1975 का दिन भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का सबसे काला अध्याय है।

कांग्रेस पर निशाना - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (से.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार सरकार के लघु जल संसाधन मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने आपातकाल की 50वीं वर्षगांठ पर कहा कि 25 जून 1975 भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का सबसे काला दिन है। सत्ता बचाने के लिए तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने संविधान की मूल भावना, लोकतांत्रिक संस्थाओं और नागरिक अधिकारों को कुचलने का कार्य किया।

उन्होंने कहा कि आपातकाल के दौरान विपक्षी नेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और पत्रकारों को जेलों में बंद कर दिया गया, प्रेस की स्वतंत्रता पर अंकुश लगाया गया और असहमति की हर आवाज़ को दबाने का प्रयास किया गया। लोकनायक जयप्रकाश नारायण के नेतृत्व में लोकतंत्र की रक्षा के लिए चला आंदोलन देश के इतिहास का स्वर्णिम अध्याय है, जिसके संघर्ष को कभी भुलाया नहीं जा सकता।

डॉ. सुमन ने कहा कि लोकतंत्र केवल चुनाव से नहीं, बल्कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, स्वतंत्र न्यायपालिका और मजबूत संवैधानिक संस्थाओं से जीवित रहता है। इसलिए नई पीढ़ी को आपातकाल की सच्चाई से अवगत कराना आवश्यक है, ताकि भविष्य में कोई भी सरकार लोकतांत्रिक मूल्यों से खिलवाड़ करने का साहस न कर सके।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र सेनानियों के संघर्ष और बलिदान को नमन करते हुए हम सभी का दायित्व है कि संविधान की भावना और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए सदैव सजग रहें। यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।