miss universe inidia in patna - पटना पहुंचीं मिस यूनिवर्स इंडिया मनिका विश्वकर्मा: छोटे शहर की बेटियों को दिया सफलता का मंत्र, कहा- अपने सपनों को दें एक मौका

मिस यूनिवर्स इंडिया 2025 मनिका विश्वकर्मा का पटना एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत हुआ । अपनी 3 दिवसीय बिहार यात्रा के दौरान वे यहाँ की संस्कृति और लिट्टी-चोखा का आनंद लेंगी।

Patna - : मिस यूनिवर्स इंडिया 2025 मनिका विश्वकर्मा आज पहली बार बिहार की धरती पर कदम रखा । पटना के जयप्रकाश नारायण अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उनके पहुँचते ही प्रशंसकों और मीडिया की भारी भीड़ ने उनका ज़ोरदार स्वागत किया । फूलों के गुलदस्ते और पारंपरिक अंदाज़ में उनका अभिनंदन किया गया, जिससे मनिका काफी अभिभूत नज़र आईं ।

बिहार की संस्कृति और खान-पान के प्रति उत्साह


मीडिया से बात करते हुए मनिका ने बताया कि यह उनकी पहली बिहार यात्रा है और वे यहाँ की मेहमाननवाज़ी से बहुत खुश हैं । उन्होंने विशेष रूप से बिहार के विश्व प्रसिद्ध व्यंजन 'लिट्टी-चोखा' के प्रति अपनी उत्सुकता ज़ाहिर की । मनिका ने कहा, "मैंने अब तक कभी लिट्टी-चोखा नहीं खाया है, इसलिए यह मेरा पहला अनुभव होने वाला है और मैं इसे चखने के लिए बेहद उत्साहित हूँ ।"

बिहार को बताया भारतीय संस्कृति का केंद्र


मनिका ने बिहार के ऐतिहासिक महत्व और समृद्ध संस्कृति की जमकर सराहना की । उन्होंने कहा कि भारत की संस्कृति कहीं न कहीं इसी मिट्टी से उपजी और फैली है । थाईलैंड में मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता के दौरान बुद्ध धर्म के प्रतिनिधित्व का ज़िक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इसकी शुरुआत भी बिहार से ही हुई थी । उन्होंने अपनी इस तीन दिवसीय यात्रा के दौरान पटना के प्रसिद्ध महावीर मंदिर जाने और यहाँ की कला-संस्कृति को गहराई से समझने की इच्छा जताई ।

छोटे शहरों की लड़कियों को दिया सफलता का मंत्र


राजस्थान से ताल्लुक रखने वाली मनिका ने उन लड़कियों के लिए एक प्रेरणादायी संदेश दिया जो मॉडलिंग और फैशन की दुनिया में अपना करियर बनाना चाहती हैं । उन्होंने कहा, "मॉडलिंग और पेजेंट इंडस्ट्री अभी राजस्थान या बिहार जैसे राज्यों में उतनी लोकप्रिय नहीं है, लेकिन सपने हर जगह होते हैं ।" उन्होंने लड़कियों से अपने सपनों पर भरोसा करने और कम से कम एक बार प्रयास करने की अपील की ।

परिवार और संस्था का महत्व

मिस यूनिवर्स इंडिया तक के अपने सफर की चुनौतियों पर बात करते हुए मनिका ने बताया कि परिवार का सहयोग सबसे महत्वपूर्ण होता है । उन्होंने कहा कि आज भी कई शहरों में लड़कियों को मॉडलिंग के क्षेत्र में परिवार का समर्थन नहीं मिल पाता है, जिसे बदलना ज़रूरी है । इसके साथ ही उन्होंने अपनी संस्था की सराहना करते हुए कहा कि यह मंच लड़कियों को आर्थिक और मानसिक रूप से मज़बूत बनाकर उन्हें खुद को साबित करने का समान अवसर प्रदान करता है ।