Bihar Budget Session: सॉरी...सॉरी..अचानक सदन में माफी क्यों मांगने लगे विधायक आईपी गुप्ता, BJP MLA ने ली चुटकी, हंसने लगे स्पीकर
Bihar Budget Session: अचानक सदन में आईपी गुप्ता माफी मांगने लगे। आईपी गुप्ता के माफी मांगने पर बीजेपी विधायक ने तंज कसा, जिसके बाद सदन में ठहाके लगने लगे।
Bihar Budget Session: बिहार विधानसभा में बजट पर चर्चा के दौरान उस समय हल्का हंगामा खड़ा हो गया जब बीजेपी विधायक मिथिलेश तिवारी अपनी बात रख रहे थे। इसी बीच विधायक आईपी गुप्ता उन्हें क्रॉस करते हुए अपनी सीट पर जाकर बैठ गए। इस पर स्पीकर ने तुरंत आपत्ति जताते हुए कहा कि यह सदन के नियमों के खिलाफ है।
आईपी गुप्ता ने मांगी माफी
सत्ता पक्ष के विधायकों ने भी इस पर आपत्ति जताई और आईपी गुप्ता से माफी मांगने को कहा। इसके बाद आईपी गुप्ता ने “सॉरी” कहकर मामला शांत करने की कोशिश की। हालांकि, माहौल तब फिर गरमा गया जब मिथिलेश तिवारी ने तंज कसते हुए कहा कि “ये कन्फ्यूज हैं कि सत्ता पक्ष में हैं या विपक्ष में।” इस पर आईपी गुप्ता ने पलटवार करते हुए कहा कि “मैं मजबूती के साथ विपक्ष के साथ खड़ा हूं।”
सदन में भारी बवाल
घटना के बाद सदन की कार्यवाही सामान्य रूप से जारी रही, लेकिन कुछ देर तक दोनों पक्षों के बीच नोकझोंक का दौर चलता रहा। मिथिलेश तिवारी इस दिन लालू काल को लेकर बयान दे रहे थे। लालू यादव का बिना नाम लिए मिथिलेश तिवारी उनके कार्यकाल में होनी वाली घटनाओं की जानकारी दे रहे थे। इस दौरान विपक्ष ने जमकर बवाल काटा।
पटना से रंजन की रिपोर्ट