नीतीश कुमार के हिजाब विवाद पर मैथिली ठाकुर ने तोड़ी चुप्पी, साफ कह दिया, बताया क्षेत्र के विकास का पांच साल का प्लान

नवनियुक्त विधायक मैथिली ठाकुर ने मीडिया से बातचीत के दौरान राजनीतिक विवादों से दूरी बनाते हुए अपने क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता देने की बात कही है। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के हालिया हिजाब विवाद पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।

हिजाब विवाद पर मैथिली ठाकुर ने दिया बयान- फोटो : नरोत्तम कुमार

Patna - भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर ने मीडिया से बातचीत के दौरान राजनीतिक विवादों के बजाय विकास कार्यों को प्राथमिकता देने का संकेत दिया है। उन्होंने मुख्यमंत्री के हालिया विवादित घटनाक्रम पर संभलकर अपनी प्रतिक्रिया दी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा एक महिला का हिजाब खींचे जाने के वायरल वीडियो पर पूछे गए सवाल पर मैथिली ठाकुर ने कहा कि इस विषय पर स्वयं नीतीश कुमार या वह महिला ही अधिक प्रामाणिक जानकारी दे सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह उस समय वहां मौजूद नहीं थीं और केवल फोन पर वीडियो देखकर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना सही नहीं होगा। 

'सीतानगर' और विकास की परिकल्पना

मैथिली ठाकुर ने अपने विधानसभा क्षेत्र अलीनगर का नाम बदलकर 'सीतानगर' करने के अपने विजन को साझा किया। उन्होंने बताया कि उनके सपनों का सीतानगर वह होगा जहां लोग खुशहाल हों और उनकी समस्याओं का समाधान समय पर हो। उन्होंने अगले 5 वर्षों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार और स्कूल भवनों के नवीनीकरण को अपनी मुख्य प्राथमिकता बताया। 

अगले बजट सत्र के लिए लक्ष्य

विधायक ने घोषणा की कि वह आगामी बजट सत्र में अपने क्षेत्र के बच्चों के लिए एक 'कला भवन' के निर्माण की मांग प्रमुखता से रखेंगी। उन्होंने कहा कि उनके क्षेत्र में कला को बढ़ावा देने के लिए ऐसे किसी केंद्र की कमी है, जिसे वह दूर करना चाहती हैं। इसके साथ ही उन्होंने बिहार के नेताओं जैसे नितिन नबीन को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी जिम्मेदारी मिलने पर खुशी जताई और इसे राज्य के लिए गर्व का विषय बताया। 

राजनीति और गायकी का संतुलन

राजनीति में आने के बाद अपनी कला पर पड़ने वाले प्रभाव के सवाल पर मैथिली ठाकुर ने सकारात्मक रुख दिखाया। उन्होंने कहा कि राजनीति में आने के बाद उनके अंदर सीखने, अधिक रियाज करने और अपनी संस्कृति व पार्टी को गहराई से समझने की ललक और बढ़ गई है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि जनता ने उन्हें जिस उम्मीद से चुना है, वह उस पर खरी उतरने के लिए दिन-रात काम करेंगी।

रिपोर्ट - नरोत्तम कुमार