मोइनुल हक स्टेडियम के पुनर्विकास की प्रक्रिया तेज, खेल सचिव ने की समीक्षा बैठक

Bihar News : मोइनुल हक स्टेडियम के पुनर्विकास एवं परिसर खाली कराने को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान खेल सचिव ने विभागीय अधिकारियों को पूरे परिसर की मॉनिटरिंग के लिए स्थल का दौरा करने का निर्देश दिया ...

Patna : पटना के विकास भवन में खेल विभाग के सचिव विनोद सिंह गुंजियाल की अध्यक्षता में मोइनुल हक स्टेडियम के पुनर्विकास एवं परिसर खाली कराने को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में पटना के डीएम त्यागराजन, सिटी एसपी (सेंट्रल) दीक्षा सहित बिहार क्रिकेट संघ (BCA), पटना मेट्रो और भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) के प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक का मुख्य उद्देश्य स्टेडियम के कायाकल्प से जुड़े लंबित मामलों को सुलझाना और विकास कार्यों को गति देना था।


BCA ने पेश की विकास योजना, 3 साल में पूरा होगा निर्माण कार्य

बैठक के दौरान बिहार क्रिकेट संघ (BCA) द्वारा स्टेडियम के आधुनिक विकास एवं निर्माण कार्य को लेकर एक विस्तृत प्रस्तुतीकरण (प्रेजेंटेशन) दिया गया। बीसीए के अधिकारियों ने खेल सचिव को जानकारी दी कि स्टेडियम के अंतरराष्ट्रीय स्तर के पुनर्विकास और निर्माण कार्य को पूरी तरह से संपन्न करने के लिए लगभग तीन वर्ष की समय-सीमा निर्धारित की गई है, जिसके भीतर इस भव्य परियोजना को आकार दे दिया जाएगा।


40 हजार दर्शक क्षमता के अनुरूप बनेगी भीड़ प्रबंधन की दीर्घकालिक योजना

खेल सचिव विनोद सिंह गुंजियाल ने भविष्य में होने वाले बड़े और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की मेजबानी को ध्यान में रखते हुए बीसीए को अग्रिम रूप से 'क्राउड मैनेजमेंट' (भीड़ प्रबंधन) की एक मजबूत कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुनर्विकास के बाद स्टेडियम की कुल क्षमता लगभग 40,000 दर्शकों की होगी, इसलिए सुरक्षा, आवागमन और अन्य बुनियादी व्यवस्थाओं की योजना इसी दीर्घकालिक दृष्टिकोण को ध्यान में रखकर बनाई जानी चाहिए।


SAI केंद्र होगा स्थानांतरित, 42 खिलाड़ियों के प्रशिक्षण की होगी वैकल्पिक व्यवस्था

स्टेडियम परिसर में वर्तमान में संचालित भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) केंद्र को भी अब दूसरी जगह स्थानांतरित किया जाएगा, जिसके लिए बिहार सरकार और साई के बीच एक नया एमओयू (MoU) साइन होगा। साई केंद्र से जुड़े कुल 42 खिलाड़ियों और विद्यार्थियों को पटना में ही अन्य उपयुक्त खेल परिसरों में शिफ्ट किया जाएगा। खेल सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस स्थानांतरण के दौरान खिलाड़ियों के दैनिक प्रशिक्षण और खेल गतिविधियों पर कोई भी प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ना चाहिए।


मेट्रो के उपकरण हटेपरिसर में मौजूद थाना को भी शिफ्ट करने की प्रशासनिक स्वीकृति

परिसर को खाली कराने की समीक्षा के दौरान पटना मेट्रो के अधिकारियों ने बताया कि उनके उपकरणों को हटाने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और वह क्षेत्र बीसीए को सौंप दिया गया है। वहीं, स्टेडियम परिसर में चल रहे थाना को भी हटाने पर चर्चा हुई। डीएम त्यागराजन ने बताया कि थाना के स्थायी स्थानांतरण को प्रशासनिक स्वीकृति मिल चुकी है। बीसीए द्वारा विध्वंस (डिमोलीशन) कार्य शुरू करने के लिए थाना को अंतरिम रूप से अस्थायी जगह पर तुरंत शिफ्ट किया जाएगा। खेल सचिव ने विभागीय अधिकारियों को पूरे परिसर की मॉनिटरिंग के लिए स्थल का दौरा करने का निर्देश दिया है।


नरोत्तम की रिपोर्ट