अनंत सिंह की बेटी की शादी के दिन मोकामा में होगा सड़क जाम ! किसानों के अल्टीमेटम का बड़ा असर, प्रशासन से हुई डील

बाढ़ के एसडीएम कृष्णा जोशी और एसडीपीओ रामकृष्ण सहित अन्य अधिकारियो की मौजूदगी में किसानों और अधिकारियों के बीच बैठक हुई। इसमें बुडको और नगर परिषद के अधिकारियों ने भी हिस्सा लिया। साथ ही किसानों को जलजमाव से समाधान का रास्ता सुझाया गया.

Mokama Farmers Protest- फोटो : news4nation

Bihar News :  मोकामा टाल के किसानों की परेशानी आखिरकार अनुमंडल प्रशासन तक पहुंच गई है। मोकामा नगर परिषद के नाले और सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) से निकलने वाले पानी के कारण औंटा, लखनचंद, हाथीदह और मरांची इलाके के करीब 500 एकड़ खेत जलमग्न हैं। पानी का फैलाव लगातार नए खेतों की ओर बढ़ रहा है। इससे किसानों की रबी की खेती पर संकट गहरा गया है।


वर्षों से चली आ रही इस समस्या को लेकर किसानों ने 25 नवंबर को औंटा-सिमरिया छह लेन सड़क जाम करने का ऐलान किया था। अब प्रशासन के साथ हुई बैठक में समाधान का रास्ता निकला है। सहमति बनी है कि बुडको भूमिगत नाला बनाकर एसटीपी के पानी को गंगा नदी में छोड़ेगा। इस योजना को अगले छह महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। दरअसल, 25 नवंबर को मोकामा के विधायक अनंत सिंह की बेटी का विवाह है, किसानों द्वारा सड़क जाम करने की घोषणा से इसका असर विवाह समारोह पर पड़ने की संभावना जताई जा रही थी। ऐसे में समाधान का रास्ता निकलने से अनंत सिंह के लिए भी राहत की खबर है। 


मंगलवार को औंटा में बाढ़ के एसडीएम कृष्णा जोशी और एसडीपीओ रामकृष्ण सहित अन्य अधिकारियो की मौजूदगी में किसानों और अधिकारियों के बीच बैठक हुई। इसमें बुडको और नगर परिषद के अधिकारियों ने भी हिस्सा लिया। बैठक में किसानों ने जलजमाव से खेती को हो रहे नुकसान और पानी के लगातार फैलने की समस्या को प्रमुखता से उठाया। अधिकारियों ने भूमिगत नाला बनाकर एसटीपी के पानी को गंगा तक पहुंचाने की योजना पर सहमति जताई। इसके बाद किसानों ने औंटा-सिमरिया छह लेन को जाम नहीं करने का आश्वासन दिया।


500 एकड़ खेत में पानी, हर साल खेती पर संकट

किसानों के मुताबिक, औंटा, हाथीदह, लखनचंद और आसपास के इलाके में मोकामा नगर परिषद का गंदा पानी खेतों में जमा हो रहा है। एसटीपी से छोड़ा जा रहा पानी धीरे-धीरे टाल क्षेत्र में फैलता जा रहा है। करीब 500 एकड़ खेत जलमग्न होने से किसानों की बोआई और फसल की तैयारी प्रभावित हुई है। किसानों का कहना है कि यह समस्या केवल इस साल की नहीं है। निचले टाल के कई इलाकों में पिछले करीब सात वर्षों से जलजमाव की स्थिति बनी हुई है। हर साल खेतों में पानी जमा होने से खेती प्रभावित होती है और किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है।


बेमौसम बारिश ने बढ़ाई किसानों की मुश्किल

इस साल किसानों की परेशानी और बढ़ गई है। बेमौसम बारिश के कारण मरांची टाल के करीब 75 प्रतिशत खेतों में अब तक बोआई नहीं हो सकी है। ऊपर से एसटीपी का पानी खेतों में फैलने से बची हुई खेती पर भी खतरा मंडरा रहा है। किसानों के सामने दोहरी चुनौती है, एक तरफ मौसम की मार और दूसरी तरफ नगर परिषद के पानी से खेतों का डूबना। यदि समय रहते पानी की निकासी नहीं हुई तो आने वाले दिनों में जलमग्न क्षेत्र और बढ़ सकता है।


सड़क जाम की चेतावनी के बाद हरकत में आया प्रशासन

किसानों का आरोप है कि यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन अधिकारियों ने समय रहते इसका स्थायी समाधान नहीं किया। पिछले दिनों बुडको के अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्र का जायजा लिया था। इसके बाद किसानों ने 25 नवंबर को औंटा-सिमरिया छह लेन यानी एनएच-31 को जाम करने की घोषणा की। किसानों के इस रुख के बाद प्रशासन ने पहल तेज की। अधिकारियों ने प्रभावित इलाकों का निरीक्षण किया और फिर अनुमंडल स्तर पर बैठक आयोजित की। 


अब भूमिगत नाला बनाने और एसटीपी के पानी को गंगा में पहुंचाने पर बनी सहमति से किसानों को राहत की उम्मीद जगी है।

रविशंकर की रिपोर्ट