Anant Singh News: अनंत सिंह आज आएंगे जेल से बाहर, स्वागत में बन रहे 3 लाख रसगुल्ले, कल मोकामा में करेंगे 50KM लंबा रोड शो

Anant Singh News: मोकामा के बाहुबली नेता अनंत सिंह आज जेल से बाहर आएंगे। अनंत सिंह के स्वागत के लिए 3 लाख रसगुल्ले बने हैं। उनके पटना स्थित आवास पर भोज की तैयारी की गई है। करीब 2 बजे अनंत सिंह जेल से रिहा होंगे।

Anant Singh News:  मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह सोमवार यानी आज जेल से बाहर आएंगे। दुलारचंद यादव हत्याकांड में पटना हाईकोर्ट से जमानत मिल गई है। वे सोमवार दोपहर करीब 2 बजे जेल से रिहा होंगे। जेल से बाहर आने के बाद अनंत सिंह सीधे पटना स्थित अपने विधायक आवास पहुंचेंगे, जहां उनके स्वागत के लिए भव्य आयोजन की तैयारी की गई है। आवास पर बड़े पैमाने पर दावत का आयोजन होगा, जिसमें करीब 3 लाख रसगुल्ले तैयार किए गए हैं। इसके अलावा हजारों समर्थकों के बैठने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। वहीं मंगलवार, 24 मार्च को अनंत सिंह अपने विधानसभा क्षेत्र में रोड शो करेंगे। इस दौरान वे बाढ़ से बड़हिया महारानी स्थान मंदिर तक वाया मोकामा सड़क मार्ग से जाएंगे। 

भोज में भव्य तैयारी 

वहीं आज के भोज में पनीर की विभिन्न डिश, दाल, मिक्स वेज, पूड़ी-रोटी, लिट्टी, कचौड़ी और पुलाव जैसे व्यंजन बनाए जा रहे हैं। मिठाइयों में रसगुल्ले के साथ गुलाब जामुन भी शामिल हैं। रसगुल्ले बाढ़ में तैयार किए गए हैं, जिन्हें पटना लाया जा रहा है, जबकि अन्य व्यंजन यहीं बनाए जा रहे हैं। पटना के माल रोड स्थित आवास पर बड़े पंडाल का निर्माण किया गया है। यहां 1 से 1.5 हजार कुर्सियां लगाई गई हैं और गर्मी को देखते हुए पंखे व कूलर की भी व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम में 10 से 15 हजार समर्थकों के जुटने की संभावना जताई जा रही है।

अनंत सिंह मोकामा में करेंगे रोड शो 

अनंत सिंह के 24 मार्च के कार्यक्रम की बात करें तो पहले अनंत सिंह मोकामा के लिए रवाना होंगे। इस दौरान वे करीब 50 किलोमीटर लंबा रोड शो करेंगे। उनका काफिला बड़हिया महारानी स्थान मंदिर तक जाएगा, जहां रास्ते में विभिन्न स्थानों पर समर्थक उनका स्वागत करेंगे। गौरतलब है कि 30 अक्टूबर 2025 को विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान दुलारचंद यादव की हत्या हुई थी। इसके बाद 1 नवंबर को पटना पुलिस ने अनंत सिंह को मोकामा स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया था। 2 नवंबर को कोर्ट में पेशी के बाद उन्हें बेऊर जेल भेज दिया गया था। करीब चार महीने बाद अब उन्हें जमानत मिली है।

इस शर्त पर मिली जमानत 

दरअसल, जस्टिस रुद्र प्रकाश मिश्रा की एकलपीठ ने मामले की सुनवाई के बाद शर्तों के साथ जमानत दी। अदालत ने स्पष्ट किया है कि यदि अनंत सिंह केस के सूचक या गवाहों को प्रभावित या धमकाने की कोशिश करते हैं, तो उनकी जमानत तत्काल रद्द की जा सकती है। साथ ही, सुनवाई के दौरान कोर्ट में उपस्थित रहना भी अनिवार्य होगा। इसके पहले अनंत सिंह ने 16 मार्च को राज्यसभा चुनाव में वोटिंग के दौरान कहा था कि वो जल्द ही जेल से बाहर आएंगे।

कैसे मिली जमानत 

अनंत सिंह पर आरोप था कि उन्होंने दुलारचंद यादव के बाएं पैर की ऐड़ी में खुद गोली मारी थी। जबकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत के कारण में लाठी से मारना और गाड़ी से कुचलने का जिक्र है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के अनुसार, शरीर पर कई जगह गहरे घाव और खून जमने के निशान मिले। फेफड़े (लंग्स) फटे हुए मिले, जिससे अधिक मात्रा में इंटरनल ब्लीडिंग हुई है। छाती की कई पसलियां टूटी हुई पाई गईं। ऐसे में एड़ी में गोली लगने से मौत होने का मामला नहीं बनता है। इतना ही नहीं पुलिसवालों के बयान में भी अनंत सिंह के घटनास्थल पर मौजूदगी को लेकर कोई दावा नहीं किया गया।