अनंत सिंह की विधायकी पर दूसरी बार नोटिस, इस दिन तक नहीं दिया जवाब तो खत्म होगी विधानसभा सदस्यता

जेडीयू ने पार्टी विरोधी गतिविधियों और बयानबाजी का आरोप लगाते हुए अनंत सिंह को छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया था। इसके बाद जेडीयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने विधानसभा अध्यक्ष से अनंत सिंह की विधायकी समाप्त करने की मांग की थी।

Anant Singh- फोटो : news4nation

Anant Singh :  मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। एक तरफ दुलारचंद यादव हत्याकांड में सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद उनकी गिरफ्तारी और सरेंडर की तलवार लटक रही है, तो दूसरी तरफ उनकी विधायकी पर भी संकट गहराता जा रहा है। जेडीयू से छह साल के लिए निष्कासित किए जाने के बाद अब उनकी सदस्यता समाप्त करने की मांग पर विधानसभा ने दूसरी बार नोटिस जारी किया है। विधानसभा अध्यक्ष के निर्देश पर प्रभारी सचिव संजय कुमार सिंह ने अनंत सिंह को नोटिस भेजकर 30 नवंबर तक अपना पक्ष रखने को कहा है।


30 नवंबर तक देना होगा जवाब

दरअसल, जेडीयू ने पार्टी विरोधी गतिविधियों और बयानबाजी का आरोप लगाते हुए अनंत सिंह को छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया था। इसके बाद जेडीयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने विधानसभा अध्यक्ष से अनंत सिंह की विधायकी समाप्त करने की मांग की थी। इस शिकायत के आधार पर विधानसभा की ओर से अनंत सिंह को नोटिस भेजा गया था और उनसे जवाब मांगा गया था।


हालांकि, अनंत सिंह की ओर से अब तक अपना पक्ष नहीं रखा गया है। बताया जा रहा है कि उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष से मुलाकात कर जवाब देने के लिए अतिरिक्त समय देने का आग्रह किया था। इसके बाद अब विधानसभा ने दूसरी बार नोटिस जारी कर 30 नवंबर तक जवाब देने की समय-सीमा तय की है।


बेटी की शादी के बाद नोटिस का जवाब देंगे अनंत सिंह?

अनंत सिंह के सामने फिलहाल पारिवारिक और कानूनी, दोनों तरह की चुनौतियां हैं। उनकी बेटी शिवांगी की शादी 25 नवंबर को होनी है। शादी की तैयारियां चल रही हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि अनंत सिंह पहले बेटी की शादी की जिम्मेदारी पूरी करेंगे और उसके बाद विधानसभा के नोटिस का जवाब दे सकते हैं। बताया जा रहा है कि विधानसभा अध्यक्ष से मुलाकात के दौरान भी उन्होंने बेटी की शादी और अपनी व्यस्तता का हवाला देते हुए जवाब देने के लिए अतिरिक्त समय मांगा था।


4 दिसंबर तक सरेंडर करने का आदेश

विधायकी पर संकट के बीच अनंत सिंह की कानूनी मुश्किलें भी कम नहीं हो रही हैं। दुलारचंद यादव हत्याकांड में सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें 4 दिसंबर तक सरेंडर करने का आदेश दिया है। ऐसे में अब उनकी बेटी की शादी के बाद सरेंडर करने की संभावना जताई जा रही है।


नीरज कुमार से विवाद के बाद जेडीयू ने की थी कार्रवाई

गौरतलब है कि बिहार विधान परिषद चुनाव के दौरान जेडीयू के उम्मीदवार नीरज कुमार और अनंत सिंह के बीच राजनीतिक खींचतान खुलकर सामने आई थी। दोनों नेताओं की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ बयानबाजी भी की गई थी। इसके बाद जेडीयू ने अनंत सिंह पर पार्टी विरोधी गतिविधियों का आरोप लगाते हुए उन्हें छह साल के लिए निष्कासित कर दिया था।