Anant Singh News: मेरा अंतिम शपथ....मोकामा विधायक अनंत सिंह अब नहीं लड़ेंगे चुनाव, विधानसभा में किया ऐलान, इस दिन आएंगे जेल से बाहर

Anant Singh News: 2025 से 2030 मोकामा विधायक अनंत सिंह का आखिरी कार्यकाल होगा अनंत सिंह अब चुनाव नहीं लड़ेंगे। विधानसभा परिसर में वोट डालने के बाद अनंत सिंह ने यह ऐलान किया है।

अनंत सिंह अब नहीं लड़ेंगे चुनाव - फोटो : News4nation

 Anant Singh News: बिहार में राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज है। प्रदेश के 5 सीटों पर मतदान जारी है। मतदान के लिए मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह भी जेल से बाहर आएं। बिहार सरकार के एंबुलेंस से अनंत सिंह विधानसभा पहुंचे। जहां उन्होंने कई  बड़े बयान दिया। सबसे बड़ा बयान अनंत सिंह ने दिया कि अब वो विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि ये उनका अंतिम ओथ था इसके बाद वो चुनाव नहीं लड़ेंगे। 

अनंत सिंह अब नहीं लड़ेंगे चुनाव 

दरअसल, राज्यसभा के लिए वोट डालने के बाद मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि अब वह आगे विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे और मौजूदा कार्यकाल ही उनका आखिरी कार्यकाल होगा। उन्होंने कहा कि अगर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ही आगे विधानसभा की राजनीति में नहीं रहेंगे तो उनके विधायक बने रहने का भी कोई मतलब नहीं है। अनंत सिंह ने कहा कि, मैं पहले भी कह चुका हूं कि अगर नीतीश जी नहीं रहेंगे तो हम भी चुनाव नहीं लड़ेंगे। इस बार मैं विधायक बन गया हूं, लेकिन यह मेरा आखिरी चुनाव था।

बेटे को सौंपेंगे जिम्मेदारी

मोकामा विधायक ने साफ कहा कि अगला विधानसभा चुनाव उनका बेटा लड़ेगा। उन्होंने कहा कि यह मेरा आखिरी शपथ ग्रहण था। अब मेरे बाल-बच्चे चुनाव लड़ेंगे और जनता की सेवा करेंगे। इस दौरान अनंत सिंह ने अपने जेल से बाहर आने को लेकर भी बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि उनके समर्थकों को परेशान होने की जरूरत नहीं है और उन्हें भरोसा है कि वह एक महीने के भीतर जेल से बाहर आ जाएंगे।

अगला सीएम कौन?

जब पत्रकारों ने उनसे पूछा कि नीतीश कुमार के बाद बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, तो उन्होंने कहा कि यह फैसला खुद नीतीश कुमार ही करेंगे। इस सवाल पर उन्होंने ज्यादा टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। वहीं अनंत सिंह ने इसके पहले कहा था कि वो चाहते हैं कि निशांत मुख्यमंत्री बनें। वहीं तेजस्वी यादव और निशांत में बेहतर नेता को लेकर पूछे गए सवाल पर अनंत सिंह नाराज हो गए और इसे फालतू सवाल बताते हुए प्रतिक्रिया देने से बचते नजर आए।