बिहार में मानसून की दस्तक तेज, अगले 48 घंटे में झमाझम बारिश के आसार, इन जिलों में आंधी-बिजली का अलर्ट

मौसम विभाग ने राज्य के लगभग सभी जिलों के लिए वज्रपात और तेज हवा की चेतावनी जारी की है। उत्तर बिहार के कुछ जिलों में येलो अलर्ट जबकि मध्य और दक्षिण बिहार के कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

Monsoon in Bihar- फोटो : news4nation

Bihar Weather News : बिहार में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगमन की आहट अब और तेज हो गई है। मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के अधिकांश हिस्सों में अगले दो दिनों तक बारिश, मेघगर्जन, वज्रपात और तेज हवा की गतिविधियां जारी रहेंगी। कई जिलों के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 


मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटे में बिहार में औसतन 29.9 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य 35 मिमी की तुलना में 14 प्रतिशत कम है। हालांकि उत्तर बिहार के कई जिलों में सामान्य से काफी अधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई है। सबसे अधिक बारिश किशनगंज के तैतपुर में 148 मिमी दर्ज की गई। इसके अलावा सुपौल, खगड़िया, समस्तीपुर, सीवान और पश्चिम चंपारण के कई इलाकों में भी अच्छी बारिश हुई है।


सीमांचल और पूर्वी बिहार में अधिक सक्रिय रहेगा मौसम

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 12 जून को किशनगंज, अररिया, पूर्णिया, कटिहार, सुपौल, सहरसा, मधेपुरा, खगड़िया, भागलपुर, बांका, मुंगेर और जमुई समेत पूर्वी बिहार के जिलों में व्यापक वर्षा की संभावना है। कई स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है। वहीं उत्तर और मध्य बिहार के अधिकांश जिलों में गरज-तड़क के साथ बारिश तथा 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने का अनुमान है।


आंधी, वज्रपात और तेज हवा का अलर्ट

मौसम विभाग ने राज्य के लगभग सभी जिलों के लिए वज्रपात और तेज हवा की चेतावनी जारी की है। उत्तर बिहार के कुछ जिलों में येलो अलर्ट जबकि मध्य और दक्षिण बिहार के कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है।


बिहार में मानसून कहां तक पहुंचा?

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून इस समय पूर्वी भारत की ओर तेजी से बढ़ रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के हालिया अपडेट के अनुसार मानसून पहले ही पूर्वोत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों और बंगाल की खाड़ी के बड़े क्षेत्र तक पहुंच चुका है। मौसमीय परिस्थितियां बिहार में मानसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल बनी हुई हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि वर्तमान बारिश मुख्य रूप से प्री-मानसून और मानसूनी गतिविधियों के संयुक्त प्रभाव का परिणाम है। आने वाले कुछ दिनों में मानसून बिहार के अधिकतर हिस्सों को पूरी तरह कवर कर सकता है।


गर्मी से राहत, किसानों के चेहरे खिले

लगातार हो रही बारिश और बादलों की आवाजाही से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। इससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली है। वहीं धान की रोपाई की तैयारी कर रहे किसानों के लिए भी यह बारिश राहत लेकर आई है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों तक राज्यभर में मौसम के सक्रिय बने रहने का अनुमान जताया है और लोगों से मौसम संबंधी चेतावनियों पर नजर बनाए रखने की अपील की है।