BIG BREAKING : मोतिहारी मेयर पति सह राजद नेता एक लाख का ईनामी कुख्यात देवा गुप्ता को STF ने दबोचा

मोतिहारी मेयर पति सह राजद नेता एक लाख का ईनामी कुख्यात देवा गुप्ता को STF ने दबोचा - फोटो : news 4 nation

बिहार एसटीएफ की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर पटना के पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र स्थित राधिका अपार्टमेंट में छापेमारी की,इस दौरान फ्लैट संख्या 303 पर दबिश देकर एक लाख रुपये के इनामी रहे अपराधी देवा गुप्ता को दबोच लिया गया. देवा गुप्ता मोतिहारी नगर निगम की मेयर प्रीति कुमारी के पति हैं और राजद के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी भी रह चुके है. 

एक लाख का इनामी और कुख्यात अपराधी

मोतिहारी के पुलिस अधीक्षक (SP) स्वर्ण प्रभात ने देवा गुप्ता को कुख्यात अपराधी के रूप में चिह्नित करते हुए उन पर एक लाख रुपये के इनाम की घोषणा की थी.उन पर 28 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें हत्या, रंगदारी और जमीन कब्जा करने जैसे संगीन आरोप शामिल हैं. वे लंबे समय से दो मामलों में फरार चल रहे थे, जिसके बाद पुलिस ने उन पर शिकंजा कसना शुरू किया था. 

टॉप-100 अपराधियों की सूची में सबसे ऊपर

पुलिस अधीक्षक ने जिले में अपराध नियंत्रण के लिए 100 अपराधियों की एक 'हिट लिस्ट' तैयार की थी, जिसे अनुमोदन के लिए डीआईजी के पास भेजा गया था.इस सूची में शराब माफिया, भू-माफिया, हत्या और लूट जैसे अपराधों में शामिल अपराधियों के नाम थे, जिसमें देवा गुप्ता का नाम सबसे ऊपर रखा गया था. 

प्रशासनिक सतर्कता और कार्रवाई

पुलिस की यह कार्रवाई क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान का हिस्सा है. देवा गुप्ता की गिरफ्तारी को पुलिस प्रशासन के लिए एक बड़ी सफलता माना जा रहा है, क्योंकि वे एक प्रभावशाली राजनीतिक पृष्ठभूमि से जुड़े होने के बावजूद आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय थे. एसटीएफ और स्थानीय पुलिस अब उनसे पूछताछ कर उनके नेटवर्क और अन्य फरार साथियों के बारे में जानकारी जुटाने में लगी है.