गया एयरपोर्ट पर तैनात सीआईएसएफ जवान की हरियाणा पुलिस कस्टडी में मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर तैनात सीआईएसएफ जवान मुकेश सिंह की हरियाणा पुलिस की हिरासत में संदिग्ध मौत हो गई है. मृतक के परिजनों ने बिना वारंट गिरफ्तारी और हत्या का गंभीर आरोप लगाया है,

गया एयरपोर्ट पर तैनात सीआईएसएफ जवान की हरियाणा पुलिस कस्टडी

Gayaji - गया अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर तैनात सीआईएसएफ जवान मुकेश सिंह की हरियाणा पुलिस की कस्टडी में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है。 मूल रूप से वैशाली जिले के रहने वाले मुकेश सिंह को हरियाणा पुलिस ने एक पुराने मामले में गया पहुंचकर गिरफ्तार किया था。

बिना वारंट गिरफ्तारी और हत्या का आरोप

मृतक की पत्नी और बेटे नीलेश सिंह ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं。 उनका कहना है कि हरियाणा पुलिस ने मुकेश सिंह को बिना किसी अरेस्ट वारंट के गिरफ्तार किया और हिरासत के दौरान उनकी हत्या कर दी。 बेटे नीलेश का कहना है कि उसके पिता पूरी तरह स्वस्थ थे और उन्हें कोई बीमारी नहीं थी, ऐसे में अचानक हार्ट अटैक आने की बात गले नहीं उतरती。 परिजनों ने मगध मेडिकल थाना में शिकायत दर्ज कराई है, लेकिन उनका आरोप है कि पुलिस केस दर्ज करने में आनाकानी कर रही है。

पुलिस का पक्ष: 'हार्ट अटैक से हुई मौत'

वहीं दूसरी ओर, पुलिस का कहना है कि जवान की मौत हार्ट अटैक की वजह से हुई है。 मेडिकल थाना इंस्पेक्टर कृष्ण सिंह के अनुसार, हरियाणा पुलिस ने सीआईएसएफ अधिकारियों को विधिवत वारंट की जानकारी देने के बाद ही आरोपी को अपनी कस्टडी में लिया था。 घटना की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी टाउन टू, धर्मेंद्र भारती भी मेडिकल थाना पहुंचे और मामले की पूरी जानकारी ली。

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा खुलासा

फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है。 अधिकारियों का मानना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा。 इस घटना के बाद गया पुलिस और सीआईएसएफ प्रशासन के बीच भी हलचल तेज हो गई है।


रिपोर्ट - मनोज कुमार, गया