कुशीनगर में मुकेश सहनी की हुंकार: 'आरक्षण नहीं तो वोट नहीं', 2027 में भाजपा को सत्ता से बाहर करने का निषाद समाज ने लिया संकल्प

वीआईपी सुप्रीमो एवं बिहार सरकार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने यूपी के कुशीनगर में केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार हमला बोला। सहनी ने कहा कि 2027 के चुनाव से पहले निषाद समाज को आरक्षण नहीं मिला तो समाज का एक भी वोट बीजेपी को नही मिलेगा.....

यूपी में गरजे मुकेश सहनी- फोटो : देवांशु प्रभात

Patna/Lacknow: विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के संस्थापक एवं बिहार सरकार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में आयोजित संवाद कार्यक्रम के दौरान केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार हमला बोला। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले निषाद समाज को आरक्षण नहीं दिया गया, तो समाज का एक भी वोट भाजपा को नहीं जाएगा। कार्यक्रम स्थल पर हजारों की संख्या में मौजूद निषाद समाज के लोगों, महिलाओं और युवाओं ने हाथ में गंगाजल लेकर 'आरक्षण नहीं तो वोट नहीं' का संकल्प लिया।


गंगाजल संकल्प और देशव्यापी अभियान की घोषणा 

मीडिया को संबोधित करते हुए मुकेश सहनी ने कहा कि बंगाल और दिल्ली जैसे राज्यों में निषाद समाज को अनुसूचित जाति का लाभ मिल रहा है, लेकिन उत्तर प्रदेश में मोदी और योगी सरकार जानबूझकर इस समाज की अनदेखी कर रही है। उन्होंने ऐलान किया कि आने वाले तीन महीनों में पूरे उत्तर प्रदेश के गांव-गांव में जाकर एक करोड़ से अधिक लोगों को हाथ में गंगाजल दिलाकर संकल्प कराया जाएगा। सहनी ने कहा कि गंगा पुत्र जब अपनी माता की सौगंध ले लेता है, तो कोई भी ताकत उसे अपने अधिकारों से डिगा नहीं सकती।


संजय निषाद पर सीधा हमला: 'सत्ता की मलाई छोड़ें' 

मुकेश सहनी ने निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि जो कभी समाज के अधिकारों की लड़ाई लड़ते थे, वे आज सत्ता के मोह में समाज को भूल चुके हैं। उन्होंने कहा कि समाज के विश्वास पर सरकार बनी, लेकिन चार साल बीत जाने के बाद भी आरक्षण का वादा पूरा नहीं हुआ। सहनी ने संजय निषाद से अपील की कि यदि उन्हें वास्तव में समाज की चिंता है, तो वे सरकार पर दबाव बनाएं या फिर मंत्री पद त्यागकर समाज के साथ आंदोलन में उतरें।


क्रांतिकारी विरासत और 'इंडियागठबंधन का रुख 

वीआईपी प्रमुख ने निषाद समाज के गौरवशाली इतिहास का जिक्र करते हुए कहा कि यह समाज महारथी एकलव्य, वीरांगना फूलन देवी और अमर शहीद जुब्बा साहनी का वंशज है, जो अन्याय के आगे कभी झुकता नहीं है। अपनी राजनीतिक स्थिति पर बात करते हुए सहनी ने स्पष्ट किया कि वीआईपी वर्तमान में 'इंडिया' (INDIA) गठबंधन का हिस्सा है और फिलहाल सामाजिक जागरूकता आंदोलन चला रही है। उन्होंने कहा कि चुनावी रणनीति और राजनीतिक भूमिका पर उचित समय पर फैसला लिया जाएगा।


2027 में सत्ता परिवर्तन का दावा 

संवाद के अंत में मुकेश सहनी ने कहा कि निषाद समाज अब किसी छलावे या लालच में आने वाला नहीं है और अपने बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए मतदान करेगा। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा को हारने का डर है, तो वह चुनाव से पहले आरक्षण की मांग पूरी करे, अन्यथा निषाद समाज लोकतांत्रिक तरीके से सत्ता परिवर्तन का रास्ता चुनेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि निषाद समाज की यह एकजुटता उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बड़ा और ऐतिहासिक बदलाव लेकर आएगी।

देवांशु प्रभात की रिपोर्ट