Bihar revenue: बिहार में पांच अंचल अधिकारियों पर गिरी गाज, राजस्व कार्यों में लापरवाही पर कार्रवाई
Bihar revenue: बिहार में राजस्व कार्यों में अनियमितता और लापरवाही के आरोप में पांच अंचल अधिकारियों पर कार्रवाई की गई है। दो अधिकारियों की वेतनवृद्धि रोकने और आरोप पत्र गठित करने का निर्णय लिया गया है।
Bihar revenue: बिहार में राजस्व कार्यों में गड़बड़ी और लापरवाही के मामलों में पांच अंचल अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। 5 नवंबर 2026 को मंत्री महोदय की ओर से संचिका में दिए गए अनुमोदन के अनुसार, कुछ अधिकारियों की वेतनवृद्धि रोकने का दंड दिया गया है, जबकि कुछ के खिलाफ आरोप पत्र गठित करने का निर्णय लिया गया है।
पंकज कुमार और उदय प्रसाद पर वेतनवृद्धि रोकने का दंड
सूची के अनुसार, बैकुण्ठपुर के तत्कालीन अंचल अधिकारी पंकज कुमार पर विभाग की ओर से तय नियमों और मापदंडों की अनदेखी कर ऑनलाइन जमाबंदी में रकबा जोड़ने का आरोप है। इस मामले में उनकी दो वेतनवृद्धि बिना संचयी प्रभाव के रोकने का दंड दिया गया है। नूरसराय के तत्कालीन अंचल अधिकारी उदय प्रसाद पर सरकारी जमीन की जमाबंदी और दाखिल-खारिज किसी व्यक्ति विशेष के नाम से करने का आरोप है। इस मामले में उनकी तीन वेतनवृद्धि बिना संचयी प्रभाव के रोकने का दंड दिया गया है।
मोतीपुर में जमीन की जमाबंदी से जुड़ा मामला
मुजफ्फरपुर जिले के मोतीपुर की तत्कालीन अंचल अधिकारी रूची कुमारी के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। उन पर मोतीपुर शुगर फैक्ट्री प्राइवेट लिमिटेड के नाम दर्ज 61.33 एकड़ जमीन में से 7.9 एकड़ भूमि का दाखिल-खारिज श्री विशुनदेव सिंह के नाम से कर जमाबंदी बनाने का आरोप है। इस मामले में आरोप पत्र गठित करने का उल्लेख है।
दाखिल-खारिज और छापेमारी से जुड़े आरोप
मोतीपुर के तत्कालीन अंचल अधिकारी अरविंद कुमार अजीत के खिलाफ भी दाखिल-खारिज से जुड़ी अनियमितता का मामला सूची में दर्ज है। आरोप है कि दाखिल-खारिज वाद संख्या 2905/21-22 को बंटवारा वाद संख्या 292/2020 के न्यायालय में लंबित रहने के कारण अस्वीकृत कर दिया गया था। इसके बाद उसी जमीन की बिक्री होने पर दाखिल-खारिज वाद संख्या 5356/2022-23 के माध्यम से उसे मंजूरी दे दी गई।
वहीं, रोहतास जिले के अकोढ़ीगोला के तत्कालीन अंचल अधिकारी अंशु कुमार सिंह पर राजस्व कार्यों की उपेक्षा कर दूसरे कामों में लगे रहने का आरोप है। उन पर बिना पूर्व सूचना या वरिष्ठ अधिकारी के आदेश के अलग-अलग जगहों पर छापेमारी करने का भी आरोप लगाया गया है। सूची में उनके खिलाफ आरोप पत्र गठित करने का उल्लेख है।
विभागीय कार्रवाई का विवरण जारी
5 नवंबर 2026 की इस सूची में पांच अधिकारियों के नाम और उनके खिलाफ लगाए गए आरोपों का विवरण दिया गया है। इसमें वेतनवृद्धि रोकने और आरोप पत्र गठित करने जैसी कार्रवाई का जिक्र है। यह कार्रवाई राजस्व से जुड़े मामलों में अधिकारियों की भूमिका और कामकाज को लेकर की गई है।
पटना से रंजीत की रिपोर्ट