महिला आरक्षण के नाम पर राजनीतिक रोटी सेंकने की कोशिश में लगी है भाजपा : मुकेश सहनी

Patna : बिहार के पूर्व मंत्री व विकासशील इंसान पार्टी के संस्थापक और मुकेश सहनी ने भाजपा पर महिला आरक्षण के नाम पर राजनीतिक रोटी सेंकने का आरोप लगाया है....

Patna : विकासशील इंसान पार्टी के संस्थापक और बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने भाजपा पर महिला आरक्षण के नाम पर राजनीतिक रोटी सेंकने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण से किसी को विरोध नहीं है। लेकिन सत्ता पक्ष में बैठे लोगों की इसे लेकर मंशा ठीक नहीं है।  

उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि सरकार महिलाओं को गुमराह कर राजनीतिक लाभ के लिए इस मुद्दे का इस्तेमाल कर रही है। 'सन ऑफ मल्लाह' के नाम से चर्चित बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने कहा कि संसद में पेश किया गया बिल सिर्फ महिला आरक्षण के बारे में नहीं था। यह परिसीमन से भी जुड़ा था। 


मुकेश सहनी ने कहा, "महिला आरक्षण की आड़ में देश की राजनीतिक और भौगोलिक संरचना को बदलने की कोशिश की गई थी। परिसीमन की आड़ में वह विपक्ष की मजबूत सीटों के साथ खेल खेलते। इसीलिए विपक्षी सांसदों ने मिलकर इसका विरोध किया।" वीआईपी के प्रमुख मुकेश सहनी ने कहा कि भाजपा ने देश की महिलाओं की आंखों में धूल झोंकने का काम किया। महिला आरक्षण की आड़ में राजनीतिक परिसीमन ही इनका लक्ष्य था।

‎ ‎उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार द्वारा महिलाओं को ढाल बनाकर अपने निहित स्वार्थों को छिपाने के लिए किए जा रहे परिसीमन का पूरा विपक्ष एकजुट होकर घोर विरोध करता है। हम बाबासाहेब अंबेडकर के संविधान में हेरफेर, देश का विभाजन और राजनीतिक सीमाओं में हेरफेर करके सत्ता हथियाने का घोर विरोध करते हैं। सहनी ने कहा कि विपक्ष को सत्ता पक्ष के सर्टिफिकेट की जरूरत नहीं है। विपक्षी गठबंधन दशकों से महिलाओं के लिए खड़ा रहा है और आगे भी खड़ा रहेगा।