Mukesh Sahani Attack NDA: '1 करोड़ नौकरी का वादा, अब युवाओं पर लाठी’, मुकेश सहानी का NDA पर हमला

Mukesh Sahani Attack NDA: मुकेश सहनी ने एनडीए सरकार पर परिवारवाद, छात्रों पर लाठीचार्ज और चुनाव आयोग को लेकर बड़ा हमला बोला है।

मुकेश सहानी का NDA पर हमला- फोटो : social media

Mukesh Sahani Attack NDA: विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के संस्थापक और पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने रविवार को एनडीए सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने परिवारवाद, छात्रों पर लाठीचार्ज और चुनाव आयोग की कार्यशैली को लेकर भाजपा और सरकार की आलोचना की।मुकेश सहनी ने कहा कि भाजपा देश में हिटलर जैसी राजनीति कर रही है और हर संस्थान पर कब्जा करने की कोशिश में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि उनकी कोशिश है कि भाजपा से दूर रहने वाले सभी दल और नेता आईएनडीआईए गठबंधन के साथ आएं।

तमिलनाडु की राजनीति का जिक्र करते हुए सहनी ने कहा कि वहां दोबारा चुनाव की स्थिति न बने, इसलिए सरकार बनाना जरूरी था और इसी वजह से कांग्रेस ने समर्थन दिया।उन्होंने चुनाव आयोग पर भी गंभीर सवाल उठाए। सहनी ने कहा कि मौजूदा समय में चुनाव आयोग निष्पक्ष नहीं रह गया है और वह “भाजपा आयोग” बन चुका है। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में उसे चुनाव आयोग कहना भी शर्मनाक लगता है।

टीआरई-4 परीक्षा पर बयान

टीआरई-4 परीक्षा की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों पर हुए पुलिस लाठीचार्ज को लेकर भी सहनी ने सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय एक करोड़ लोगों को नौकरी और रोजगार देने का वादा करने वाले लोग अब नौकरी मांगने वाले युवाओं पर लाठियां चलवा रहे हैं।

मुकेश सहनी ने निशांत कुमार पर साधा निशाना

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को मंत्री बनाए जाने की चर्चा पर भी मुकेश सहनी ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रहते हुए नीतीश कुमार कब क्या बोलते थे और कब अपने बयान से पलट जाते थे, यह कोई नहीं जानता था। सहनी ने आगे कहा कि अगर अब नीतीश कुमार अपने बेटे को मंत्री बना रहे हैं तो इसमें कोई बड़ी बात नहीं है। उनके मुताबिक सत्ता में बने रहने के लिए नीतीश कुमार कुछ भी कर सकते हैं।