बिहार के पूर्व मंत्री के मेले में नर्तकियों के बीच जमकर लात-घूंसे, थिएटर बना जंग का मैदान, Video वायरल!
मुजफ्फरपुर के गरहा थाना क्षेत्र में पूर्व भाजपा विधायक रामसूरत राय के मेले में स्थित शोभा थिएटर में नर्तकियों के बीच जमकर मारपीट हुई। लात-घूंसे चलते वीडियो वायरल।
Muzaffarpur : बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से एक शर्मनाक और हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। औराई विधानसभा क्षेत्र के पूर्व भाजपा (BJP) विधायक रामसूरत राय के संरक्षण और देखरेख में आयोजित मेले में स्थित थिएटर में नर्तकियों के बीच जमकर मारपीट हुई है। आपसी विवाद को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते 'महासंग्राम' में बदल गई और थिएटर का मंच जंग का मैदान बन गया। इस पूरी घटना का एक वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे इलाके में हड़कंप मचा है।
थिएटर में 'कोहराम': मंच पर ही आपस में भिड़ीं नर्तकियां
जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना मुजफ्फरपुर जिले के गरहा थाना क्षेत्र की है। यहाँ पूर्व विधायक रामसूरत राय द्वारा भव्य मेले का आयोजन किया गया है। मेले में मनोरंजन के लिए 'शोभा थिएटर' भी संचालित हो रहा है। सूत्रों की मानें तो, शुक्रवार की रात थिएटर में प्रस्तुति के दौरान ही नर्तकियों के बीच किसी बात को लेकर आपसी विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि नर्तकियां मंच पर ही आपस में भिड़ गईं।
जमकर चले लात-घूंसे, भगदड़ की स्थिति
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे नर्तकियां एक-दूसरे पर टूट पड़ी हैं। मंच पर ही जमकर लात-घूंसे और थप्पड़ चल रहे हैं। थिएटर के अन्य कर्मचारी और बाउंसर उन्हें रोकने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन नर्तकियों का गुस्सा सातवें आसमान पर है। मंच पर मचे इस कोहराम को देखकर थिएटर में मौजूद दर्शकों के बीच भगदड़ और अफरा-तफरी की स्थिति पैदा हो गई। कई दर्शक अपनी जान बचाकर भागते नजर आए।
पूर्व विधायक के 'संरक्षण' पर उठे सवाल
यह पूरा मेला पूर्व भाजपा विधायक रामसूरत राय के सीधे संरक्षण में आयोजित किया जा रहा है, इसलिए इस घटना के बाद उन पर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि विधायक जी के मेले में इस तरह की 'अश्लीलता' और 'दबंगई' खुलेआम हो रही है, लेकिन प्रशासन मौन है। थिएटर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं होने के कारण यह बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल, वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है और थिएटर संचालकों से पूछताछ की जा रही है।
रिपोर्ट - मनिभूषण शर्मा