Bihar News: छठ पर घर लौटने वालों को मुजफ्फरपुर पुलिस का तोहफा, रात में मुफ्त बस सेवा से सुरक्षित पहुंच रहे यात्री

Bihar News: लोक आस्था के महापर्व छठ पर दूसरे राज्यों में रहने वाले बिहार के प्रवासियों का अपने घर लौटने का सिलसिला लगातार जारी है। ...

मुजफ्फरपुर पुलिस का तोहफा- फोटो : reporter

Bihar News: लोक आस्था के महापर्व छठ पर दूसरे राज्यों में रहने वाले बिहार के प्रवासियों का अपने घर लौटने का सिलसिला लगातार जारी है। त्योहार के दौरान देर रात मुजफ्फरपुर जंक्शन और बस स्टैंड पर उतरने वाले यात्रियों की सुरक्षा को लेकर मुजफ्फरपुर पुलिस ने सराहनीय पहल की है। पुलिस की ओर से दो निशुल्क बसें चलाई जा रही हैं, जिनके माध्यम से यात्रियों को उनके गंतव्य तक सुरक्षित पहुंचाया जा रहा है। पुलिस की इस व्यवस्था से यात्रियों में खुशी है और लोग खुले दिल से पुलिस प्रशासन को धन्यवाद दे रहे हैं।

इसी निशुल्क बस सेवा की जमीनी हकीकत जानने के लिए देर रात News 4nation की टीम मुजफ्फरपुर जंक्शन पहुंची। यहां पुलिस की दो बसें स्टेशन परिसर के बाहर खड़ी मिलीं। बसों में पुलिसकर्मी मुस्तैदी से तैनात थे और दूसरे राज्यों से आने वाले यात्रियों को उनके घर तक पहुंचाने के लिए बैठाया जा रहा था। यह सेवा रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक संचालित की जा रही है।

दरअसल, त्योहारों के दौरान दूसरे राज्यों से लौटने वाले यात्रियों को देर रात स्टेशन और बस स्टैंड पर उतरने के बाद घर पहुंचने की चिंता सताती है। इसी मजबूरी का फायदा उठाकर असामाजिक तत्व यात्रियों के साथ छिनतई, लूट और नशाखुरानी जैसी वारदातों को अंजाम देते रहे हैं। इसी खतरे को देखते हुए मुजफ्फरपुर के पुलिस कप्तान कांतेश कुमार मिश्रा ने विशेष पहल की है। इसके तहत देर रात आने वाले यात्रियों को निशुल्क पुलिस बस सेवा उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया।

News 4nation की टीम ने मेघालय से देर रात मुजफ्फरपुर पहुंचे यात्रियों से भी बातचीत की। पुलिस की बस में सवार यात्रियों ने बताया कि पहले देर रात स्टेशन पर उतरने के बाद सबसे बड़ी चिंता सुरक्षित घर पहुंचने की होती थी। अनजान लोगों और असामाजिक तत्वों का डर बना रहता था। लेकिन अब पुलिस की इस व्यवस्था से उन्हें काफी राहत मिली है। यात्रियों ने कहा कि पुलिसकर्मी सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचा रहे हैं, जिसके लिए वे मुजफ्फरपुर पुलिस के आभारी हैं।छठ जैसे महापर्व पर पुलिस की यह पहल सुरक्षा के साथ जनसेवा की मिसाल पेश कर रही है।

रिपोर्ट-मणिभूषण शर्मा