Patna Chhath Puja: छठ महापर्व की तैयारियों के प्रशासनिक दावों की खुली पोल, गंगा घाटों पर लापरवाही का साफ दिख रहा मंजर
Patna Chhath Puja: लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर बिहार की राजधानी पटना के गंगा घाटों पर तैयारियां युद्ध स्तर पर चल रही हैं।इसी बीच गंगा घाटों पर कई ऐसी तस्वीरें भी सामने आ रही हैं, जो प्रशासनिक दावों पर सवाल खड़े करती हैं।
Patna Chhath Puja: लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर बिहार की राजधानी पटना के गंगा घाटों पर तैयारियां युद्ध स्तर पर चल रही हैं। आगामी 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ चार दिवसीय छठ अनुष्ठान की शुरुआत होनी है। इसे लेकर जिला प्रशासन, नगर निगम और निजी एजेंसियां घाटों की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और बैरिकेडिंग में जुटी हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए विभिन्न स्तरों पर तैयारियां की जा रही हैं। लेकिन इन व्यवस्थाओं के बीच गंगा घाटों पर कई ऐसी तस्वीरें भी सामने आ रही हैं, जो प्रशासनिक दावों पर सवाल खड़े करती हैं।

घाटों के आसपास निजी नावों का परिचालन लगातार जारी है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि कई नावों पर यात्रियों के लिए लाइफ जैकेट की समुचित व्यवस्था दिखाई नहीं दे रही है। ऐसे में नाविकों की लापरवाही और प्रशासनिक निगरानी की कमी श्रद्धालुओं की जान पर भारी पड़ सकती है। गंगा की धारा और पानी की गहराई के बीच बिना पर्याप्त सुरक्षा उपकरणों के नावों का परिचालन किसी बड़े हादसे को आमंत्रण देने जैसा है। सवाल यह है कि जब छठ महापर्व को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं, तो निजी नावों के परिचालन पर प्रभावी नियंत्रण क्यों नहीं है?
दूसरी ओर, गंगा घाटों पर पूजा सामग्री और अन्य कचरे का अंबार भी चिंता का विषय बना हुआ है। छठ पूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु घाटों पर पहुंचते हैं। ऐसे में साफ-सफाई की निरंतर व्यवस्था जरूरी है। नगर निगम के कर्मियों की तैनाती के बावजूद घाटों पर कचरे का जमा होना व्यवस्था की प्रभावशीलता पर सवाल खड़ा करता है।
छठ जैसे संवेदनशील और व्यापक जनभागीदारी वाले पर्व में सुरक्षा के साथ स्वच्छता भी प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए। घाटों पर बैरिकेडिंग के साथ खतरनाक स्थानों की पहचान, नावों की जांच, यात्रियों की क्षमता का निर्धारण और लाइफ जैकेट की अनिवार्यता सुनिश्चित करना जरूरी है।

यदि समय रहते निजी नावों के परिचालन पर निगरानी नहीं रखी गई और सुरक्षा मानकों का पालन नहीं कराया गया, तो कभी भी गंभीर दुर्घटना हो सकती है। ऐसे में जिला प्रशासन और नगर निगम को केवल तैयारियों के दावों तक सीमित रहने के बजाय घाटों पर जमीनी स्तर पर व्यवस्था दुरुस्त करनी होगी, ताकि आस्था के इस महापर्व में किसी परिवार की खुशियां मातम में न बदलें।
रिपोर्ट- अनिल कुमार