सीएम नीतीश के गृह जिले में निगरानी का बड़ा धमाका: 17,000 की घूस लेते शिक्षक गिरफ्तार, बीईओ की शह पर चल रहा था वसूली का खेल!

मुख्यमंत्री के गृह जिले नालंदा में निगरानी ब्यूरो की बड़ी कार्रवाई। वेतन वृद्धि के बदले 17 हजार घूस लेते संसाधन शिक्षक गिरफ्तार। बीईओ पुष्पा कुमारी ने मांगे थे पैसे।

Patna - : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृह जिले नालंदा में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने एक बार फिर कड़ा प्रहार किया है । सोमवार, 16 मार्च 2026 को ब्यूरो की मुख्यालय टीम ने कार्रवाई करते हुए चण्डी प्रखण्ड संसाधन केन्द्र में तैनात संसाधन शिक्षक मनोज कुमार वर्मा को 17,000 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया । यह गिरफ्तारी प्रखण्ड शिक्षा पदाधिकारी के कार्यालय कक्ष से हुई है, जिसने विभाग की साख पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं 

बीईओ के इशारे पर हो रही थी वसूली

भ्रष्टाचार के इस मामले के तार सीधे प्रखण्ड शिक्षा पदाधिकारी (BEO) श्रीमती पुष्पा कुमारी से जुड़े हैं । जाँच में सामने आया है कि बीईओ द्वारा एक शिक्षक के अंतर वेतन और वार्षिक वेतन वृद्धि भुगतान के बदले रिश्वत की मांग की गई थी । निगरानी ब्यूरो के सत्यापन में जब यह आरोप सही पाया गया, तो बीईओ पुष्पा कुमारी के विरुद्ध मामला दर्ज कर धावा दल का गठन किया गया । बीईओ ने खुद पैसे पकड़ने के बजाय पीड़ित को यह राशि मनोज कुमार वर्मा को देने का निर्देश दिया था, जिसके बाद जाल बिछाकर आरोपी को दबोच लिया गया 

रंगे हाथ पकड़े गए आरोपी से पूछताछ जारी

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने पुलिस उपाधीक्षक अमरेन्द्र प्रसाद विद्यार्थी के नेतृत्व में इस सफल ऑपरेशन को अंजाम दिया 。 गिरफ्तार किए गए अप्राथमिकी अभियुक्त मनोज कुमार वर्मा को ब्यूरो मुख्यालय लाया गया है, जहाँ उससे पूछताछ की जा रही है । पूछताछ के बाद उसे माननीय विशेष न्यायालय, निगरानी, पटना में पेश किया जाएगा । वहीं, मामले की मुख्य अभियुक्त बीईओ पुष्पा कुमारी पर भी शिकंजा कसने की तैयारी तेज हो गई है 

2026 में भ्रष्टाचार पर निगरानी का कड़ा प्रहार

इस वर्ष अब तक निगरानी ब्यूरो बिहार में भ्रष्टाचार के विरुद्ध 32 प्राथमिकी दर्ज कर चुका है । इन कार्रवाइयों में अब तक कुल 21 भ्रष्ट अधिकारियों और कर्मियों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है । ब्यूरो द्वारा अब तक कुल 8,62,000 रुपये की रिश्वत राशि बरामद की गई है, जो राज्य में जीरो टॉलरेंस की नीति को लागू करने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है 

भ्रष्टाचार के खिलाफ यहाँ करें शिकायत

निगरानी ब्यूरो ने भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान को और तेज करने के लिए हेल्पलाइन नंबरों की सूची जारी की है । यदि कोई भी सरकारी सेवक आपसे जायज काम के बदले पैसे मांगता है, तो आप तुरंत लैंडलाइन नंबर 0612-2215344 या मोबाइल नंबर 7765953261 पर सूचना दे सकते हैं । इसके अलावा व्हाट्सएप नंबर 9473494167 के जरिए भी साक्ष्यों के साथ शिकायत दर्ज कराई जा सकती है 

रिपोर्ट - अनिल कुमार