Naubatpur Police Action: देशी पिस्टल, कट्टा और 10 कारतूस बरामद, काला भगवानपुर से शातिर गिरफ्तार

पटना के नौबतपुर स्थित गोनवॉ ओपी पुलिस ने देर रात छापेमारी कर अवैध हथियारों के साथ एक अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी रूपेश कुमार के घर से देशी पिस्टल, देशी कट्टा और 10 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।

देशी पिस्टल, कट्टा और 10 कारतूस बरामद, एक अपराधी गिरफ्तार- फोटो : Reporter

पटना जिले के नौबतपुर अंतर्गत गोनवॉ ओपी पुलिस ने देर रात छापेमारी कर अवैध हथियारों के जखीरे के साथ एक व्यक्ति को धर दबोचा। आरोपी अपने घर में गैर-कानूनी तरीके से आग्नेयास्त्र और कारतूस छिपाकर रखे हुए था। पुलिस की इस तत्परता से संभावित आपराधिक घटना को समय रहते टाल दिया गया है।

गुप्त सूचना के आधार पर देर रात छापेमारी

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि काला भगवानपुर निवासी रूपेश कुमार (पिता: स्व. अनिल कुमार) के घर में अवैध हथियार रखे गए हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरीय अधिकारियों के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई की गई। तड़के करीब 12:10 बजे पुलिस टीम ने दल-बल के साथ आरोपी के ठिकाने पर घेराबंदी कर विधिवत छापेमारी शुरू की।


लकड़ी व टीन के बक्से से देशी पिस्टल, कट्टा और 10 कारतूस बरामद

तलाशी के दौरान घर के कमरे में रखे लकड़ी के बक्से से एक देशी कट्टा बरामद हुआ। इसके अलावा, टीन के एक छोटे बक्से से मैगजीन युक्त देशी पिस्टल और 10 जिंदा कारतूस भी मिले। पुलिस ने मौके से ही सभी हथियारों एवं कारतूसों को जब्त करते हुए जब्ती सूची तैयार की और आरोपी रूपेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया।

सफल छापेमारी टीम और आगे की कानूनी कार्रवाई

इस सफल अभियान का नेतृत्व गोनवॉ ओपी प्रभारी मंजीत कुमार कर रहे थे, जिसमें नौबतपुर थाने के एसआई रंजीत कुमार, ब्रजेश कुमार, मनोज सिंह सहित सशस्त्र बल शामिल थे। पुलिस गिरफ्तार आरोपी से हथियारों के स्रोत और उसके नेटवर्क के संबंध में कड़ाई से पूछताछ कर रही है तथा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

नौबतपुर से सुमित की रिपोर्ट