राज्य स्तरीय कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति में तीन नए सदस्य मनोनीत, मिला उप मंत्री का दर्जा

राज्य स्तरीय कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति में तीन नए सदस्य मन
राज्य स्तरीय कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति में तीन नए सदस्य मनोनीत- फोटो : नरोत्तम कुमार

Patna : बिहार सरकार के मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग ने राज्य स्तरीय कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति में तीन नए सदस्यों के मनोनयन की अधिसूचना जारी की है। जारी अधिसूचना (संख्या 496) के अनुसार, विधायक आलोक कुमार सिंह, पूर्व मंत्री अनिल कुमार और सुरेन्द्र कुमार उर्फ सुरेन्द्र विवेक (पिता- स्व० केदार प्रसाद सिंह) को राज्य स्तरीय कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति का नया सदस्य मनोनीत किया गया है।


तीनों मनोनीत सदस्यों को मिला राज्य के उप मंत्री का दर्जा

आधिकारिक आदेश के अनुसार, समिति के इन तीनों नवनियुक्त सदस्यों को राज्य के उप मंत्री (Deputy Minister) का दर्जा प्रदान किया गया है। अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि जो सदस्य बिहार विधान मंडल के सदस्य हैं, वे विधान मंडल सदस्य के रूप में मिलने वाले वेतन, भत्ते एवं सुविधाएं पूर्ववत् प्राप्त करते रहेंगे। इसके अतिरिक्त, उप मंत्री का दर्जा मिलने के कारण जो अन्य सरकारी सुविधाएं होंगी, वे भी सरकार द्वारा उन्हें अलग से प्रदान की जाएंगी।


पूर्व की अधिसूचनाओं में संशोधन के साथ नई नियुक्तियां

मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग के संकल्प संख्या-382 (दिनांक 18.11.2016) की कंडिका-2 के प्रावधानों के तहत यह मनोनयन किया गया है। सरकार ने पूर्व में जारी विभिन्न अधिसूचनाओं, शुद्धि पत्रों और समेकित अधिसूचनाओं में आंशिक संशोधन करते हुए पूर्व मनोनीत सदस्यों के अतिरिक्त इन तीन नए सदस्यों को समिति में शामिल करने का फैसला किया है।


अधिसूचना जारी होने की तिथि से अगले आदेश तक मान्य रहेगा कार्यकाल

अधिसूचना में यह प्रावधान किया गया है कि समिति के मनोनीत सदस्यों का कार्यकाल जारी होने की तिथि से अगले आदेश तक मान्य होगा। बिहार राज्यपाल के आदेश से जारी इस अधिसूचना पर सरकार के विशेष सचिव अरविन्द कुमार वर्मा के हस्ताक्षर हैं।


सभी संबंधित विभागों और मंत्रियों को भेजी गई प्रतिलिपि

अधिसूचना की प्रतिलिपि राज्य सरकार के सभी माननीय मंत्रियों के आप्त सचिवों को सूचनार्थ एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रेषित कर दी गई है। इसके साथ ही प्रशासनिक स्तर पर इन नियुक्तियों को तत्काल प्रभाव से लागू करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।



नरोत्तम की रिपोर्ट