Bihar News: बिहार के बेटे ने 6400 मीटर की ऊंचाई पर फहराया तिरंगा, गोरिचेन ग्लेशियर को किया फतह, बर्फीली चोटियों पर लहराया भारत का परचम
Bihar News: बिहार के बेटे ने 6400 मीटर ऊंची गोरिचेन ग्लेशियर चोटी पर तिरंगा लहराया है....
Bihar News: बिहार के लिए यह गर्व का क्षण है जब 6 बिहार बटालियन एनसीसी के होनहार कैडेट अभिषेक कुमार ने अरुणाचल प्रदेश की 6400 मीटर ऊंची गोरिचेन ग्लेशियर चोटी को सफलतापूर्वक फतह कर लिया। बर्फ से ढकी यह कठिन और दुर्गम चोटी केवल साहस और मजबूत इच्छाशक्ति वाले पर्वतारोहियों के लिए ही संभव मानी जाती है, लेकिन अभिषेक ने अपने जज्बे से इसे हकीकत में बदल दिया।
यह उपलब्धि केवल एक व्यक्तिगत सफलता नहीं बल्कि पूरे बिहार और एनसीसी परिवार और गयाजी के लिए सम्मान की बात है। वर्तमान में वे अरुणाचल प्रदेश में आयोजित एडवांस माउंटेनियरिंग कैंप में प्रशिक्षण ले रहे हैं, जहां उन्हें उच्च स्तरीय पर्वतारोहण तकनीक और कठिन परिस्थितियों में जीवित रहने की ट्रेनिंग दी जा रही है। इससे पहले उन्होंने निमास (नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ माउंटेनियरिंग एंड एडवेंचर स्पोर्ट्स) से बेसिक माउंटेनियरिंग कोर्स भी सफलतापूर्वक पूरा किया था।
उनके अनुशासन, मेहनत और साहस को देखते हुए उन्हें इस एडवांस कैंप के लिए चयनित किया गया था। साथ ही उन्होंने एनसीसी का बी सर्टिफिकेट परीक्षा भी पास कर अपनी क्षमता को साबित किया है। यह पूरी यात्रा उनके निरंतर समर्पण और कठिन परिश्रम का परिणाम है।
6 बिहार बटालियन एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल पंकज कुमार (कीर्ति चक्र) ने इस उपलब्धि पर कहा कि अभिषेक जैसे कैडेट अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा हैं। एनसीसी का उद्देश्य केवल सैन्य प्रशिक्षण नहीं बल्कि युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रसेवा की भावना को मजबूत करना है।
इस अवसर पर सुबेदार मेजर विक्रम सिंह, गया कॉलेज के प्राचार्य सतीश सिंह चंद्र और लेफ्टिनेंट संजय तिवारी ने भी अभिषेक को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। यह सफलता आने वाली पीढ़ी के लिए एक प्रेरक संदेश है कि यदि हौसला मजबूत हो तो कोई भी ऊंचाई दूर नहीं।
रिपोर्ट- राजगीर सिंह