बाढ़ पीड़ितों के लिए तत्परता से काम कर रही NDA सरकार, 'हम' प्रवक्ता ने तेजस्वी पर किया हमला, कहा- आपदा में बयानबाजी के बजाय करें सहयोग

Bihar Flood : हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा के मुख्य राष्ट्रीय प्रवक्ता श्याम सुंदर शरण ने बिहार में उत्पन्न बाढ़ की गंभीर स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त की है। वहीँ तेजस्वी पर जमकर हमला बोला है........पढ़िए आगे

तेजस्वी पर हमला - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA :  हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (से )के मुख्य राष्ट्रीय प्रवक्ता श्याम सुन्दर शरण ने बिहार में उत्पन्न बाढ़ की गंभीर स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि एनडीए सरकार प्रभावित लोगों की सहायता और सुरक्षा के लिए पूरी संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ कार्य कर रही है। राज्य सरकार और केंद्र सरकार के समन्वय से राहत एवं बचाव कार्य लगातार चल रहे हैं। 

शरण ने कहा की प्रशासन को स्पष्ट निर्देश है कि प्रभावित लोगों तक भोजन, सुरक्षित पेयजल, चिकित्सा सुविधा और अन्य आवश्यक सहायता समय पर पहुंचे। शरण ने कहा कि तेजस्वी यादव को इस आपदा की घड़ी में केवल राजनीतिक बयानबाजी करने के बजाय राहत कार्यों में सहयोग करना चाहिए। 

कहा की बाढ़ को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने की मांग करना उनका अधिकार है, लेकिन जनता को यह भी देखना चाहिए कि आपदा प्रबंधन और राहत के लिए केंद्र एवं राज्य सरकारें पूरी गंभीरता के साथ काम कर रही हैं। अतिरिक्त सहायता और संसाधनों की आवश्यकता होने पर सरकार सभी आवश्यक कदम उठाएगी।

उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में विपक्ष को सरकार के प्रयासों पर सवाल खड़े करने के बजाय प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए आगे आना चाहिए। हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा  के संस्थापक एवं केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी तथा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संतोष कुमार सुमन के मार्गदर्शन में हम पार्टी एनडीए सरकार के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और पार्टी के कार्यकर्ता भी बाढ़ पीड़ितों की हरसंभव सहायता के लिए तत्पर हैं।