Bihar Politics: बिहार में बड़ा राजनीतिक उलटफेर? सुबह-सुबह संजय झा के घर हुई मीटिंग, अब सम्राट चौधरी के आवास पर जुटेगा जमावड़ा, सियासी हलचल तेज

Bihar Politics: बिहार में राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज है। इसी बीच सुबह सुबह जदयू के राज्यसभा सांसद संजय झा के आवास पर एनडीए नेताओं की बैठक हुई। वहीं शाम में एनडीए नेताओं का जमावड़ा सम्राट चौधरी के आवास पर लगेगा। 16 मार्च को वोटिंग होनी है।

एनडीए की बड़ी बैठक - फोटो : social media

Bihar Politics: बिहार में राजनीतिक हलचल तेज है। 16 मार्च को राज्यसभा चुनाव होना है। ऐसे आज सुबह से ही एनडीए में बैठकों का दौर जारी है। सुबह सुबह जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा के आवास पर बैठक हुई। बैठक में राज्यसभा चुनाव को लेकर चर्चा हुई। बैठक के बाद मंत्री श्रवण कुमार ने दावा किया कि राज्यसभा चुनाव में जीत एनडीए की ही होगी।

जदयू सांसद के आवास पर एनडीए की बैठक 

बैठक में बीजेपी के केंद्रीय पर्यवेक्षक विजय शर्मा और हर्ष मल्होत्रा, प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी समेत कई बड़े नेता पहुंचे। जदयू कोटे से मंत्री श्रवण कुमार भी बैठक में शामिल हुए। बैठक में राज्यसभा चुनाव को लेकर रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के बाद श्रवण कुमार ने कहा कि महागठबंधन चाहे जो भी दावा करे, लेकिन जीत एनडीए की ही होगी। उन्होंने कहा कि एनडीए ने चुनाव के लिए पूरी रणनीति तैयार कर ली है और पहले भी गठबंधन लगातार चुनाव जीतता रहा है।

16 मार्च को होगी वोटिंग 

वहीं दूसरी ओर, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की चर्चा भी तेज है। आगामी 16 मार्च को राज्यसभा चुनाव के लिए वोटिंग होनी है और उसी दिन परिणाम भी घोषित कर दिया जाएगा। मौजूदा समीकरणों के आधार पर नीतीश कुमार का राज्यसभा सांसद बनना लगभग तय माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि राज्यसभा सांसद बनने के दो दिन बाद यानी 18 मार्च को मुख्यमंत्री आवास 1 अणे मार्ग में दावत-ए-इफ्तार का आयोजन किया जाएगा। 

मुख्यमंत्री देंगे इफ्तार पार्टी 

इसकी तैयारियां पिछले सप्ताह से ही शुरू हो चुकी हैं और जिला प्रशासन भी कार्यक्रम को लेकर सक्रिय है। परंपरा के मुताबिक हर साल मुख्यमंत्री आवास में रमजान के दौरान इफ्तार पार्टी का आयोजन होता है, लेकिन इस बार इसे खास माना जा रहा है। बिहार राज्य सुन्नी वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष इरशादुल्लाह ने कहा कि नीतीश कुमार ने मुसलमानों के लिए सबसे ज्यादा काम किया है, इसलिए इस बार की इफ्तार पार्टी भी खास होने वाली है। इधर, लोजपा (रामविलास) प्रमुख चिराग पासवान भी 16 मार्च को पार्टी कार्यालय में इफ्तार पार्टी देंगे।

सम्राट चौधरी के आवास पर भी होगी बैठक 

दूसरी ओर, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के सरकारी आवास पर आज एनडीए के सभी विधायकों की बैठक बुलाई गई है। दोपहर 2 बजे सभी विधायक उनके आवास पहुंचेंगे, जहां मतदान प्रक्रिया को लेकर मॉक पोल कराया जाएगा, ताकि वोटिंग के दिन किसी तरह की गड़बड़ी न हो। बताया जा रहा है कि मॉक पोल कराने का फैसला बीती रात उपेंद्र कुशवाहा के आवास पर आयोजित एनडीए विधानमंडल दल की बैठक में लिया गया था।

पटना से अभिजीत की रिपोर्ट