Bihar MLC Election: विधान परिषद चुनाव में NDA का बड़ा सोशल इंजीनियरिंग! अतिपिछड़ों और महिलाओं पर भरोसा, भोजपुरी के पॉवर स्टार पवन सिंह बनेंगे एमएलसी

Bihar MLC Election: एनडीए के घोषित आठ उम्मीदवारों में पांच अतिपिछड़ा वर्ग से हैं, जबकि तीन महिलाओं को प्रतिनिधित्व देकर गठबंधन ने सामाजिक भागीदारी का मजबूत संदेश देने की कोशिश की है।सिंगर पवन सिंह का एमएलसी बनना तय है....

विधान परिषद चुनाव में NDA का बड़ा सोशल इंजीनियरिंग! - फोटो : social Media

Bihar MLC Election: बिहार विधान परिषद की एक सीट पर उपचुनाव और नौ सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन ने अपने आठ उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है। उम्मीदवारों की सूची सामने आते ही यह साफ हो गया है कि एनडीए ने आगामी विधानसभा चुनाव से पहले अपने पारंपरिक वोट बैंक, सामाजिक समीकरण और क्षेत्रीय संतुलन को साधने की व्यापक रणनीति पर काम किया है। घोषित आठ उम्मीदवारों में पांच अतिपिछड़ा वर्ग से हैं, जबकि तीन महिलाओं को प्रतिनिधित्व देकर गठबंधन ने सामाजिक भागीदारी का मजबूत संदेश देने की कोशिश की है।

एनडीए के प्रमुख घटक दल जेडीयू और भाजपा ने उम्मीदवार चयन में अपने-अपने कोर वोटरों का विशेष ध्यान रखा है। जेडीयू ने चार उम्मीदवारों में तीन अतिपिछड़ा और एक पिछड़ा वर्ग से उम्मीदवार उतारे हैं। इनमें कुर्मी, नोनिया, कुम्हार और धानुक समाज को प्रतिनिधित्व दिया गया है। वहीं भाजपा ने अपने हिस्से की चार सीटों में दो अतिपिछड़ा और दो सवर्ण उम्मीदवारों को मौका दिया है। सवर्ण वर्ग में राजपूत और कायस्थ समाज को जगह मिली है, जबकि अतिपिछड़ा वर्ग से नाई और प्रजापति समाज का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया गया है।

जेडीयू की सूची में सबसे अधिक चर्चा मुख्यमंत्री के पुत्र निशांत कुमार के नाम को लेकर है। राजनीतिक हलकों में इसे पार्टी के भविष्य और नेतृत्व परिवर्तन की संभावित रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। इसके अलावा डॉ. भारती मेहता, शिवरानी प्रजापति और ललन प्रसाद जैसे लंबे समय से संगठन में सक्रिय कार्यकर्ताओं को भी मौका देकर जेडीयू ने समर्पित कार्यकर्ताओं को सम्मान देने का संकेत दिया है।

भाजपा की ओर से डॉ. संजय मयूख को लगातार तीसरी बार विधान परिषद भेजने का फैसला अनुभव और संगठनात्मक क्षमता पर भरोसे का प्रतीक माना जा रहा है। वहीं अनिल कुमार ठाकुर और शीला पंडित को उम्मीदवार बनाकर पार्टी ने अतिपिछड़ा समाज और महिला नेतृत्व को आगे बढ़ाने का संदेश दिया है।दिलचस्प बात यह है कि हाल के दिनों में भाजपा नेतृत्व से मुलाकात को लेकर चर्चा में रहे पवन सिंह को इस सूची में जगह मिली। भोजपुरी गायक और भोजपुरी सिनेमा के पावर स्टार पवन सिंह को भी बीजेपी विधान परिषद भेज रही है।

बहरहाल  विधान परिषद चुनाव के लिए घोषित यह सूची केवल उम्मीदवारों का चयन नहीं, बल्कि एनडीए की व्यापक सामाजिक और राजनीतिक रणनीति का दस्तावेज है। अतिपिछड़ा, महिला और पारंपरिक समर्थक वर्गों को साधकर गठबंधन ने आगामी चुनावी मुकाबले के लिए अपनी तैयारियों का स्पष्ट संकेत दे दिया है।

ब्यूरो रिपोर्ट