Bihar Politics: बिहार में एनडीए सरकार के एक साल पूरा होने पर JDU कार्यालय में हुंकार, रचे जाएंगे विकास के नए कीर्तिमान

Bihar Politics: जनता दल यूनाइटेड के प्रांगण में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के तमाम घटक दलों की एक अहम संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। ....

एक साल के जश्न में डूबा सूबा- फोटो : reporter

Bihar Politics: जनता दल यूनाइटेड  के प्रांगण में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन  के तमाम घटक दलों की एक अहम संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। इस प्रेस वार्ता में सभी प्रमुख दलों के प्रदेश अध्यक्षों ने शिरकत की और आगामी 21 नवंबर को देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बहुप्रतीक्षित बिहार दौरे की रूपरेखा साझा की। इस दौरे को लेकर राजनीतिक गलियारों में सुगबुगाहट तेज हो गई है और हर तरफ उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है।

एनडीए सरकार का एक साल और प्रधानमंत्री का आगमन

प्रेस कॉन्फ्रेंस की शुरुआत करते हुए जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बिहार की पावन धरती पर आगमन होना हम सभी के लिए अत्यंत गौरव का विषय है। यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब राज्य में एनडीए सरकार का एक वर्ष सफलतापपूर्वक पूरा हो रहा है। इस ऐतिहासिक पल को और अधिक यादगार बनाने के लिए युद्धस्तर पर कार्य किया जा रहा है।उन्होंने आगे बताया कि प्रधानमंत्री अपने इस दौरे के दौरान बहुप्रतीक्षित कच्ची दरगाह-बिदुपुर 6-लेन पुल समेत विभिन्न आधारभूत संरचनाओं से जुड़ी महत्वपूर्ण योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। प्रधानमंत्री के इस कर-कमलों से होने वाले विकास कार्यों के बाद वैशाली की ऐतिहासिक धरती विकास के नए कीर्तिमान रचेगी।

विकास की सौगात और ऐतिहासिक संकल्प

भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने अपने संबोधन में कहा कि आगामी 20 नवंबर को बिहार में एनडीए सरकार अपने कार्यकाल का एक साल पूरा कर लेगी। इस उपलक्ष्य में राजापाकर प्रखंड में एक भव्य और विशाल कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें जनसैलाब उमड़ने की उम्मीद है।उन्होंने प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जब भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार आते हैं, राज्य को विकास की कई बड़ी सौगातें मिलती हैं। बिहार के उत्थान के प्रति उनका अगाध समर्पण और 'विकसित बिहार' का सकल्प लगातार धरातल पर उतरता हुआ दिखाई दे रहा है।

कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह और गर्व का माहौल

लोक जनशक्ति पार्टी (LJP) के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र विवेक ने कहा कि प्रधानमंत्री के इस संभावित आगमन को लेकर एनडीए के तमाम घटक दलों के कार्यकर्ताओं में अभूतपूर्व उत्साह देखा जा रहा है। सभी कार्यकर्ता अभी से ही इस ऐतिहासिक कार्यक्रम की तैयारियों में पूरी निष्ठा के साथ जुट गए हैं। यह बिहार के प्रत्येक नागरिक के लिए गर्व का क्षण है कि देश के प्रधानमंत्री राज्य को इतनी बड़ी सौगात देने स्वयं पधार रहे हैं।

हिंदुस्तान आवाम मोर्चा  के प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार ने सरकार के पिछले एक साल के कामकाज की सराहना करते हुए कहा कि पिछले एक वर्ष में बिहार ने विकास की एक नई इबारत लिखी है। मुख्यमंत्री लगातार राज्य के विकास के लिए बड़ी-बड़ी योजनाएं धरातल पर ला रहे हैं। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि आज बिहार में जो अभूतपूर्व कार्य हो रहे हैं, उनकी कल्पना पहले कभी नहीं की गई थी। यह दौरा राज्य को विकास के पथ पर मील का पत्थर साबित होगा।

रिपोर्ट-नरोत्तम कुमार सिंह