NEET Re Exam : महावीर मंदिर की पहल, NEET परीक्षार्थियों को पिलाया जाएगा 1000 किलो चने से बना ठंडा सत्तू का शर्बत

NEET Re Exam : भीषण गर्मी को देखते हुए महावीर मंदिर प्रशासन ने 21 जून को आयोजित होने वाली नीट परीक्षा में शामिल होने वाले हजारों परीक्षार्थियों और उनके साथ आने वाले अभिभावकों के लिए एक विशेष व्यवस्था की है।

महावीर मंदिर की पहल - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : पटना जंक्शन स्थित प्रसिद्ध महावीर मंदिर एक बार फिर अपनी सेवाभावी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए NEET परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों के लिए विशेष व्यवस्था करने जा रहा है। भीषण गर्मी को देखते हुए महावीर मंदिर प्रशासन ने 21 जून को सुबह 7 बजे से परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों के लिए ठंडे सत्तू के शर्बत की व्यवस्था की है।

मंदिर प्रशासन की ओर से सायण कुनाल ने बताया गया है कि करीब 1000 किलो चने से तैयार किए गए सत्तू का शर्बत श्रद्धालुओं और NEET परीक्षार्थियों को नि:शुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। गर्मी और उमस के बीच परीक्षा देने जा रहे छात्रों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से यह पहल की गई है। इसके लिए महावीर मंदिर के बाहर दो विशेष काउंटर लगाए गए हैं, जहां सुबह से ही शर्बत वितरण शुरू कर दिया जाएगा। मंदिर प्रशासन का कहना है कि सत्तू का शर्बत पूरी तरह ठंडा और स्वच्छ तरीके से तैयार किया जाएगा, ताकि परीक्षार्थियों को ऊर्जा और ताजगी मिल सके।

गौरतलब है कि हाल ही में बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य के विभिन्न मठों और मंदिरों से अपील की थी कि वे भीषण गर्मी के दौरान प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होने वाले छात्रों की सहायता के लिए आगे आएं। इसी अपील के मद्देनजर महावीर मंदिर प्रशासन ने यह व्यवस्था करने का निर्णय लिया है।

महावीर मंदिर लंबे समय से धार्मिक गतिविधियों के साथ-साथ सामाजिक और सेवामूलक कार्यों के लिए भी जाना जाता है। जरूरतमंदों की मदद से लेकर विभिन्न अवसरों पर जनसेवा के कार्यों में मंदिर की सक्रिय भूमिका रही है। अब NEET परीक्षा के दिन छात्रों के लिए ठंडे सत्तू के शर्बत की व्यवस्था भी उसी सेवा भावना का एक उदाहरण मानी जा रही है। बताया जा रहा है कि परीक्षा के दिन बड़ी संख्या में छात्र और उनके अभिभावक पटना पहुंचेंगे। ऐसे में महावीर मंदिर की यह पहल उन्हें गर्मी से राहत देने के साथ-साथ एक सकारात्मक संदेश भी देगी।