NEET Student Death Case:पान दुकान से उठा मोबाइल बना राज की चाबी, मामा से हुई 2 घंटे पूछताछ, CBI की जाँच ने पकड़ी रफ्तार

नीट छात्रा के मौत मामले में CBI की अलग-अलग टीमें अलग-अलग एंगल से पड़ताल कर रही हैं हॉस्टल मालिक की गतिविधियां, वहां आने-जाने वाले लोग, मोबाइल के व्हाट्सएप चैट, कॉल और SMS हिस्ट्री सब कुछ रडार पर है।

:पान दुकान से उठा मोबाइल बना राज की चाबी- फोटो : social Media

NEET Student Death Case: NEET की तैयारी कर रहीछात्रा की संदिग्ध रेप-मौत ने पूरे बिहार को सन्न कर दिया है। अब इस सनसनीखेज वारदात की तह तक पहुंचने के लिए केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो  ने मोर्चा संभाल लिया है। जांच एजेंसी की टीम ने SIT, स्थानीय थाने की SI और पीड़ित परिवार से गहन पूछताछ कर कई अहम कड़ियां जोड़नी शुरू कर दी हैं।

इस पूरे केस में एक पान की दुकान से मिला मोबाइल फोन अब सबसे बड़ा सुराग बनकर उभरा है। दुकानदार के मुताबिक, एक अज्ञात शख्स मोबाइल देकर गया और कहा “कोई लेने आएगा।” महज़ दस मिनट बाद एक स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार पांच लोग पहुंचे और मोबाइल लेकर फरार हो गए। दुकानदार ने बयान दिया कि वह उस व्यक्ति का नाम नहीं जानता, मगर पहचान सकता है। CBI अब इस बयान को केस की कड़ी से कड़ी जोड़ने में इस्तेमाल कर रही है।

छात्रा के मामा को पटना मुख्यालय तलब कर करीब दो घंटे पूछताछ की गई। उनसे 5 फरवरी को जहानाबाद से पटना लौटने और तबीयत बिगड़ने के हालात पर सवाल दागे गए। छात्रा के भाई के मोबाइल की कॉल डिटेल रिकॉर्ड  खंगाली जा रही है। जरूरत पड़ने पर उसे भी पूछताछ के लिए बुलाया जा सकता है।

जांच एजेंसी ने 5 जनवरी की पूरी टाइमलाइन रीक्रिएट की। छात्रा जहानाबाद से ट्रेन पकड़कर पटना जंक्शन पहुंची, करबिगहिया छोर से बाहर निकली, ई-रिक्शा से हॉस्टल के पास उतरी और पैदल अंदर गई। CBI की एक टीम ने उसी रूट पर जाकर घटनाक्रम को दोहराया और आसपास के लोगों से पूछताछ की।

इसी बीच धमकी भरे दो खतों ने केस को और रहस्यमय बना दिया है। सादे कागज पर लिखे पत्र में चेतावनी दी गई “पहले बेटी गई, नहीं मानोगे तो बेटा भी जाएगा।” इन खतों की लिखावट की जांच के लिए बिहार पुलिस की FSL टीम ने घर से सैंपल जुटाए और दरवाजों-खिड़कियों तक की माप ली।

CBI की अलग-अलग टीमें अलग-अलग एंगल से पड़ताल कर रही हैं हॉस्टल मालिक की गतिविधियां, वहां आने-जाने वाले लोग, मोबाइल के व्हाट्सएप चैट, कॉल और SMS हिस्ट्री सब कुछ रडार पर है।

अब सवाल यही है क्या पान दुकान वाला मोबाइल इस रहस्य का ताला खोलेगा? क्या धमकी देने वाला वही शख्स है जिसने वारदात को अंजाम दिया? पूरा प्रदेश इस सनसनीखेज कांड में इंसाफ की दस्तक का इंतजार कर रहा है।