NEET री-एग्जाम के अभ्यर्थियों के लिए महावीर मंदिर की पहल, नि:शुल्क सत्तू शर्बत से मिली राहत
NEET री-एग्जाम के अभ्यर्थियों के लिए मंदिर प्रशासन के अनुसार इस सेवा के लिए 1000 किलोग्राम से अधिक सत्तू की व्यवस्था की गई है। बड़ी संख्या में परीक्षार्थी और उनके अभिभावक शर्बत पीकर राहत महसूस कर रहे हैं।
NEET-UG : राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG) री-एग्जाम में शामिल होने पहुंचे अभ्यर्थियों के लिए पटना के प्रसिद्ध महावीर मंदिर ने विशेष व्यवस्था की है। भीषण गर्मी और लू के बीच मंदिर प्रशासन की ओर से परीक्षार्थियों को नि:शुल्क ठंडा चना-सत्तू शर्बत उपलब्ध कराया जा रहा है। महावीर स्थान न्यास समिति ने मंदिर परिसर और आसपास कई वितरण काउंटर लगाए हैं, जहां सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक शर्बत बांटा जा रहा है।
मंदिर प्रशासन के अनुसार इस सेवा के लिए 1000 किलोग्राम से अधिक सत्तू की व्यवस्था की गई है। बड़ी संख्या में परीक्षार्थी और उनके अभिभावक शर्बत पीकर राहत महसूस कर रहे हैं। खास बात यह है कि परीक्षा देकर पटना जंक्शन के रास्ते लौटने वाले छात्रों को भी नि:शुल्क सत्तू शर्बत उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि उन्हें यात्रा के दौरान गर्मी से राहत मिल सके।
इस बीच रविवार को देशभर में कड़ी सुरक्षा के बीच NEET-UG री-एग्जाम आयोजित किया जा रहा है। परीक्षा दोबारा इसलिए कराई जा रही है क्योंकि मई में आयोजित परीक्षा को कथित प्रश्नपत्र लीक मामले के बाद रद्द कर दिया गया था। इसके बाद केंद्र सरकार और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने परीक्षा की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। बिहार में इस परीक्षा के लिए लाखों छात्रों ने पंजीकरण कराया था। पटना राज्य का सबसे बड़ा परीक्षा केंद्र बना हुआ है, जहां दर्जनों परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थी परीक्षा दे रहे हैं। पिछले वर्षों की तरह पटना जिले में सबसे अधिक परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
री-एग्जाम को सुरक्षित बनाने के लिए इस बार प्रश्नपत्रों को भारतीय वायुसेना के विशेष विमान से विभिन्न राज्यों तक पहुंचाया गया। पटना में भी प्रश्नपत्र विशेष वायुसेना विमान के जरिए लाए गए और उन्हें कड़ी सुरक्षा के बीच स्ट्रॉन्ग रूम में रखा गया। प्रश्नपत्रों की सुरक्षा के लिए CISF, CRPF, स्थानीय पुलिस और प्रशासन की बहुस्तरीय निगरानी व्यवस्था की गई है। परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, बायोमेट्रिक सत्यापन, फेस वेरिफिकेशन और सख्त जांच व्यवस्था लागू की गई है।
ऐसे में महावीर मंदिर की ओर से की गई यह पहल परीक्षा के तनाव और गर्मी के बीच अभ्यर्थियों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है।
वन्दना की रिपोर्ट