Bihar News : बिहार में लागू हुए भवन निर्माण के नए नियम, 10 मीटर तक ऊंचे मकानों के लिए नक्शा पास कराने से मुक्ति, जानें कमरे और किचन के नए मानक

Bihar News : पिछले दिनों कैबिनेट से 'भवन निर्माण उपविधि, 2026' को मंजूरी मिलने के बाद नगर विकास एवं आवास विभाग ने इसकी आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है।

मकान निर्माण के नए नियम - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : बिहार के शहरी क्षेत्रों में अब घर या किसी भी प्रकार का भवन निर्माण कराना पहले से कहीं अधिक आसान और व्यवस्थित हो गया है। पिछले दिनों कैबिनेट से 'भवन निर्माण उपविधि, 2026' को मंजूरी मिलने के बाद नगर विकास एवं आवास विभाग ने इसकी आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। नए नियमों के लागू होने के बाद अब राज्य के शहरी इलाकों में कोई भी नया निर्माण या पुराने भवन में बदलाव नए बाय-लॉज के तहत ही किया जाएगा। सरकार ने इन नियमों में आम लोगों को बड़ी राहत देते हुए प्रक्रिया को सरल बनाया है, हालांकि भवन के विभिन्न हिस्सों के लिए सख्त मानक भी तय कर दिए गए हैं।

नई भवन उपविधि के तहत छोटे मकान बनाने वाले लोगों को बड़ी राहत मिली है। अब 10 मीटर या उससे कम ऊंचाई वाले आवासीय भवनों के निर्माण के लिए स्थानीय निकाय या विकास प्राधिकरण के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे, क्योंकि ऐसे भवनों के लिए नक्शा स्वीकृति की अनिवार्यता को पूरी तरह खत्म कर दिया गया है। हालांकि, 10 मीटर से अधिक ऊंचे भवनों के लिए नक्शा पास कराना अनिवार्य होगा। इसके लिए भी प्रक्रिया को ऑनलाइन और समयबद्ध किया गया है। अब वास्तुविद (आर्किटेक्ट) से मानकों के अनुरूप नक्शा बनवाकर पोर्टल पर अपलोड करना होगा। ऑनलाइन आवेदन के 30 दिनों के भीतर नक्शा स्वीकृत कर दिया जाएगा, और यदि 30 दिनों के अंदर विभाग द्वारा कोई निर्णय नहीं लिया जाता है, तो नक्शे को स्वतः स्वीकृत मान लिया जाएगा।

नए बाय-लॉज में आवासीय भवनों की मजबूती और रहने की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कमरे, रसोई, बाथरूम और शौचालय के न्यूनतम आकार तय किए गए हैं। नए मानकों के अनुसार, रहने योग्य किसी भी कमरे का न्यूनतम क्षेत्रफल 9 वर्ग मीटर (लगभग 97 वर्गफीट) और चौड़ाई कम से कम 2.4 मीटर (8 फीट) होनी अनिवार्य है, जबकि कमरे की ऊंचाई 2.75 मीटर (लगभग 9 फीट) से कम नहीं होनी चाहिए। इसी तरह रसोईघर (किचन) के लिए न्यूनतम क्षेत्रफल 4.5 वर्ग मीटर और चौड़ाई 1.8 मीटर (लगभग 5.9 फीट) निर्धारित की गई है, वहीं स्टोर रूम का न्यूनतम क्षेत्रफल 3 वर्ग मीटर (लगभग 32.3 वर्गफीट) रखा गया है।

इसके अतिरिक्त स्नानघर, शौचालय और अन्य संरचनाओं के लिए भी स्पष्ट मापदंड तय किए गए हैं। अलग से बाथरूम बनाने पर उसका न्यूनतम क्षेत्रफल 1.8 वर्ग मीटर (19.38 वर्गफीट) और शौचालय के लिए 1.2 वर्ग मीटर (12.92 वर्गफीट) होना जरूरी है। यदि स्नानघर और शौचालय एक साथ (अटैच्ड) बनाए जाते हैं, तो उसके लिए कम से कम 2.8 वर्ग मीटर (30.14 वर्गफीट) जगह अनिवार्य होगी। साथ ही, भवन के द्वार मार्ग (डोरवे) की चौड़ाई कम से कम 0.9 मीटर (3 फीट), चबूतरे की ऊंचाई 0.45 से 0.9 मीटर और छत की मुंडेर की ऊंचाई 1.2 से 1.5 मीटर के बीच रखना अनिवार्य किया गया है।