आज से लागू हुए 8 नए नियम, कैश खत्म, डिजिटल पेमेंट अनिवार्य, टैक्स सिस्टम में हुआ ये बड़ा बदलाव

New Financial Year 2026 Rules: आज यानी 1 अप्रैल 2026 से टैक्स से लेकर रेलवे तक के नियम में बड़ा बदलाव किया गया है।

आज से लागू हुए 8 नए नियम- फोटो : X

New Financial Year 2026 Rules: आज यानी 1 अप्रैल 2026 से टैक्स से लेकर रेलवे तक के नियम में बड़ा बदलाव किया गया है। नए वित्त वर्ष की दस्तक के साथ ही हुकूमत ने ऐसे कई अहम फैसले लागू कर दिए हैं, जो सीधे तौर पर आम अवाम की जेब, बचत और रोजमर्रा की जिंदगी को प्रभावित करेंगे। यह बदलाव सिर्फ नियमों का फेरबदल नहीं, बल्कि पूरे आर्थिक निज़ाम को नए सांचे में ढालने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।

सबसे बड़ा इंकलाब इनकम टैक्स के मोर्चे पर हुआ है। पुराने फाइनेंशियल ईयर और असेसमेंट ईयर की उलझन को खत्म कर अब सिर्फ ‘टैक्स ईयर’ लागू कर दिया गया है। यह कदम जहां सिस्टम को आसान बनाने की कोशिश है, वहीं ITR-3 और ITR-4 की आखिरी तारीख 31 अगस्त तक बढ़ाना छोटे कारोबारियों और प्रोफेशनल्स के लिए राहत का एलान माना जा रहा है।

हाईवे पर सफर करने वालों के लिए भी नया फरमान जारी हुआ है। फास्टैग का सालाना पास अब महंगा हो गया है 3,000 से बढ़कर 3,075। इतना ही नहीं, अब टोल प्लाजा पर कैश का इस्तेमाल पूरी तरह खत्म कर दिया गया है। यानी डिजिटल पेमेंट ही एकमात्र रास्ता है, वरना जुर्माना या दोगुना शुल्क भरने के लिए तैयार रहना होगा। रेलवे ने जहां एक तरफ टिकट कैंसिलेशन के नियम सख्त किए हैं अब 8 घंटे पहले ही रिफंड मिलेगा वहीं दूसरी तरफ बोर्डिंग पॉइंट बदलने की समय सीमा बढ़ाकर 30 मिनट कर दी है। यानी सख्ती और सहूलियत का यह डबल मॉडल साफ नजर आता है।

पैन कार्ड को लेकर भी हुकूमत ने सुरक्षा का दायरा बढ़ा दिया है। अब सिर्फ आधार नहीं, बल्कि अन्य दस्तावेज भी जरूरी होंगे और पैन पर वही नाम छपेगा जो आधार में दर्ज है। यह कदम फर्जीवाड़े पर लगाम लगाने की दिशा में बड़ा माना जा रहा है। बैंकिंग और डिजिटल ट्रांजैक्शन में भी नई सख्ती लागू हो गई है। यूपीआई के जरिए एटीएम से कैश निकालना अब फ्री लिमिट में गिना जाएगा, यानी बार-बार निकासी महंगी पड़ सकती है। वहीं आरबीआई ने हर डिजिटल पेमेंट के लिए टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन अनिवार्य कर दिया है, जिससे सुरक्षा और मजबूत होगी।

अब सवाल यह उठता है क्या ये बदलाव वाकई अवाम को राहत देंगे, या फिर सख्ती का यह नया दौर जेब पर और बोझ डालेगा? फिलहाल, इतना तय है कि नया वित्त वर्ष सिर्फ तारीख का बदलाव नहीं, बल्कि एक नए आर्थिक निज़ाम की शुरुआत है जहां हर कदम सोच-समझकर उठाना अब और भी जरूरी हो गया है।