पटना के रानीतालाब में दर्दनाक सड़क हादसा: ससुराल से लौट रहे 24 वर्षीय युवक की जान गई

पटना के रानीतालाब थाना क्षेत्र के NH 139 पर देर रात अज्ञात ट्रक ने साइकिल सवार 24 वर्षीय टुन्नु कुमार को कुचला। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पढ़ें पूरी खबर।

रानीतालाब में अज्ञात ट्रक ने साइकिल सवार को कुचला, मौत- फोटो : Reporter

पटना जिले के रानीतालाब थाना क्षेत्र अंतर्गत गोना सरकारी स्कूल के पास NH 139 पर रविवार देर रात करीब 11 बजे एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने साइकिल सवार एक युवक को बुरी तरह कुचल दिया और मौके से चालक वाहन सहित फरार हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।


गश्ती पुलिस ने शव को लिया कब्जे में

हादसे के वक्त इलाके में गश्त कर रही रानीतालाब थाने की पुलिस की नजर सड़क पर क्षत-विक्षत पड़े शव पर पड़ी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और शव को कब्जे में लेकर तुरंत अनुमंडल अस्पताल भिजवा दिया, जिससे आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की जा सके।


ससुराल से लौट रहे टुन्नु कुमार के रूप में हुई पहचान

सोमवार को अनुमंडल अस्पताल में मृतक की शिनाख्त चिहुटा ग्राम निवासी 24 वर्षीय टुन्नु कुमार उर्फ टुन्नु मांझी (पिता- राजेश्वर मांझी) के रूप में हुई। परिजनों के अनुसार, टुन्नु रविवार रात को अपने ससुराल से वापस घर लौट रहा था, तभी रास्ते में वह इस दर्दनाक हादसे का शिकार हो गया।


पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया शव, जांच जारी

अनुमंडल अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद पुलिस ने उसे परिजनों को सौंप दिया है। युवक की अचानक हुई मौत की खबर मिलते ही उसके पैतृक गांव और ससुराल में मातम छा गया है तथा परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल रानीतालाब थाना पुलिस मामला दर्ज कर अज्ञात ट्रक और उसके चालक की तलाश में जुट गई है।

ऋषिकेश की रिपोर्ट