पटना में यातायात नियमों के उल्लंघन पर बड़ी कार्रवाई: 2,184 वाहनों का कटा चालान, 27.13 लाख जुर्माना

राजधानी पटना में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत 2,184 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। ट्रैफिक पुलिस ने नियमों की अनदेखी करने पर कुल 27 लाख 13 हजार रुपये का शमन शुल्क लगाया है....

पटना में यातायात नियमों के उल्लंघन पर बड़ी कार्रवाई: 2,184 व

Patna : राजधानी पटना में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। आइसीसीसी (ICCC) और एएनपीआर (ANPR) कैमरों के जरिए विभिन्न स्थानों से प्राप्त वीडियो फुटेज और तस्वीरों के आधार पर कुल 2,184 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। ट्रैफिक पुलिस ने नियमों की अनदेखी करने पर कुल 27 लाख 13 हजार रुपये का शमन शुल्क लगाया है।


बिना हेलमेट गाड़ी चलाने वालों पर सबसे अधिक जुर्माना 

अभियान के दौरान सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वालों में बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों की संख्या सबसे ज्यादा पाई गई। निगरानी कैमरों की मदद से 1,563 वाहन चालक बिना हेलमेट के पकड़े गए। इन चालकों पर कुल 15 लाख 63 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है, जो कुल चालान राशि का सबसे बड़ा हिस्सा है।


बिना इंश्योरेंस और ओवरस्पीडिंग पर कसा शिकंजा 

कागजातों की जांच और डिजिटल ट्रैकिंग के दौरान 436 वाहन बिना वैध इंश्योरेंस के चलते हुए मिले, जिनसे 8 लाख 72 हजार रुपये का शमन शुल्क वसूला गया। इसके अलावा, सड़कों पर निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन कर तेज रफ्तार से वाहन चलाने वाले 72 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए 1 लाख 44 हजार रुपये का जुर्माना ठोका गया।


ट्रिपल राइडिंग और ड्राइविंग के दौरान मोबाइल इस्तेमाल पर एक्शन 

दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी बैठाकर चलने के 73 मामले सामने आए, जिन पर 73 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं, वाहन चलाते समय मोबाइल पर बात करने की खतरनाक आदत के कारण 4 चालक पकड़े गए, जिन पर 20 हजार रुपये का जुर्माना हुआ। यह कार्रवाई पूरी तरह से स्वचालित कैमरों की मदद से की गई है।


रॉन्ग वे ड्राइविंग और बिना सीट बेल्ट पर दंडात्मक कार्रवाई 

यातायात में बाधा डालने और दुर्घटना का कारण बनने वाली रॉन्ग वे ड्राइविंग (गलत दिशा) के 15 मामले दर्ज किए गए, जिन पर 20 हजार रुपये का शमन शुल्क लगा। इसके साथ ही, सुरक्षा मानकों को नजरअंदाज कर बिना सीट बेल्ट के चार पहिया वाहन चलाने वाले 21 वाहन भी पुलिस कार्रवाई की जद में आए हैं। 


अनिल की रिपोर्ट