Bihar Politics : सात निश्चय से विकसित बिहार तक, नीतीश मॉडल को नई ऊर्जा दे रहे हैं निशांत: डॉ मधुरेंदु पांडेय

Bihar Politics : जद (यू) मीडिया पैनलिस्ट डॉ. मधुरेंदु पांडेय ने सोशल मीडिया संवाद के माध्यम से बिहार के विकास और आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि.....

नीतीश मॉडल को नई उर्जा दे रहे निशांत - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : जद (यू) मीडिया पैनलिस्ट डॉ मधुरेंदु पांडेय ने सोशल मीडिया संवाद करते हुए कहा कि बिहार में विकास की जो मजबूत नींव नीतीश कुमार  ने अपने दूरदर्शी नेतृत्व में रखी, आज वही विकास यात्रा नई ऊर्जा और नए संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। सात निश्चय योजना के माध्यम से बिहार ने केवल बुनियादी सुविधाओं का विस्तार नहीं किया, बल्कि गांव, गरीब, किसान, महिला और युवाओं के जीवन में व्यापक बदलाव लाने का ऐतिहासिक काम किया है। सात निश्चय के पहले चरण में बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता दी गई, दूसरे चरण में सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण पर कार्य हुआ और अब तीसरे चरण का लक्ष्य बिहार को आर्थिक रूप से समृद्ध और विकसित राज्य बनाना है। किसानों की आय बढ़ाने, युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने, उद्योगों को बढ़ावा देने और आधुनिक कृषि व्यवस्था विकसित करने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।

आज बिहार की जनता नई पीढ़ी से भी विकास की इसी प्रतिबद्धता की अपेक्षा कर रही है। इसी क्रम में श्री निशांत कुमार  समाज के बीच संवाद, सद्भाव और विकास के संदेश के साथ आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा है कि विकास की गति रुकनी नहीं चाहिए, गांव मजबूत होने चाहिए, युवाओं को अवसर मिलना चाहिए और किसानों की आय बढ़नी चाहिए।

निशांत कुमार जी की सबसे बड़ी विशेषता उनकी सादगी, संस्कार और जनता से जुड़ाव है। उन्होंने हमेशा अपने परिवार की विरासत को गर्व के साथ स्वीकार किया है और यह कहा है कि उन्हें अपनी मां के संस्कार और अपने पिता के कार्यों पर गर्व है। आज जब राजनीति में लोग अपनी विरासत से दूरी बनाते हैं, तब उनका यह दृष्टिकोण सकारात्मक राजनीति और सामाजिक मूल्यों का परिचायक है।

उन्होंने साफ संदेश दिया है कि बिहार में “ट्रिपल सी” यानी क्राइम, करप्शन और कम्युनलिज्म से किसी प्रकार का समझौता नहीं होगा। उनका मानना है कि कानून का राज, ईमानदार व्यवस्था और सामाजिक सद्भाव ही बिहार को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जा सकता है। उनकी सद्भाव यात्रा केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनता से सीधा संवाद स्थापित करने का माध्यम बन रही है। वे गांव-गांव जाकर युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों और कार्यकर्ताओं से मिल रहे हैं, उनकी समस्याएं सुन रहे हैं और विकसित बिहार के अगले चरण की रूपरेखा को समझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्पष्ट सोच, साफ नीयत और समर्पित नेतृत्व से ही सकारात्मक बदलाव संभव होता है। माननीय नीतीश कुमार जी ने विकास की मजबूत नींव रखी है और अब नई पीढ़ी उसी सोच को आगे बढ़ाते हुए विकसित बिहार के सपने को साकार करने की दिशा में कार्य करेगी। गांव से विकास और विकास से समृद्धि ही नए बिहार की दिशा है।