'बिहार का मुख्यमंत्री कैसा हो, निशांत कुमार जैसा हो', सुशासन दिवस पर जदयू का बड़ा ऐलान
सुशासन दिवस पर जदयू कार्यालय में ‘बिहार का मुख्यमंत्री कैसा हो, निशांत कुमार जैसा हो’ और ‘बिहार का नेता कैसा हो, निशांत कुमार जैसा हो’ जैसे नारे लगाए गए।
Bihar News : बिहार की सियासत में स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को लेकर जदयू कार्यकर्ताओं का उत्साह एक बार फिर देखने को मिला। पार्टी कार्यालय में आयोजित सुशासन दिवस कार्यक्रम के बाद कार्यकर्ताओं ने निशांत कुमार के सामने जमकर नारेबाजी की। इस दौरान ‘बिहार का मुख्यमंत्री कैसा हो, निशांत कुमार जैसा हो’ और ‘बिहार का नेता कैसा हो, निशांत कुमार जैसा हो’ जैसे नारे लगाए गए। कार्यकर्ताओं की इस नारेबाजी ने पार्टी के भीतर निशांत कुमार को लेकर बढ़ती राजनीतिक चर्चा को फिर सामने ला दिया।
दरअसल, सुशासन दिवस के अवसर पर जदयू कार्यालय में ‘नीतीश संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इसमें पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा और स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार शामिल हुए। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जदयू एमएलसी संजय गांधी निशांत कुमार को पार्टी कार्यालय में बनी रंगोली और नीतीश कुमार की तस्वीर दिखाने के लिए परिसर में घुमा रहे थे। इसी दौरान वहां मौजूद कार्यकर्ताओं ने निशांत कुमार के समर्थन में नारेबाजी शुरू कर दी।
पिता के सिद्धांतों पर चलने का लिया संकल्प
कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में निशांत कुमार ने कहा कि उनके पिता नीतीश कुमार ने जिन सिद्धांतों पर काम किया है, वह उन्हीं सिद्धांतों पर आगे बढ़ेंगे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी परिस्थिति में इन सिद्धांतों से समझौता नहीं करेंगे। निशांत ने कहा कि उनके पिता ने समाज के सभी वर्गों के लिए काम किया है। दलित, महादलित, पिछड़ा, अति पिछड़ा और अल्पसंख्यक समेत हर वर्ग के लोगों के विकास के लिए काम किया गया है। वह भी आगे सभी लोगों के बीच रहकर उनके हित में काम करने की कोशिश करेंगे।
कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाने की अपील
निशांत कुमार ने कहा कि नीतीश कुमार ने 20 वर्षों में जो काम किया है, वह सबके सामने है। इसी काम और सुशासन की परंपरा को याद करने के लिए सुशासन दिवस मनाया जा रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को धन्यवाद देते हुए कहा कि मौजूदा सरकार भी नीतीश कुमार के काम को आगे बढ़ा रही है। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी सहयोग मिल रहा है।
पार्टी कार्यकर्ताओं से उन्होंने अपील की कि वे उन पर और उनके पिता पर भरोसा बनाए रखें। कार्यकर्ता जनता के बीच जाएं, लोगों के सुख-दुख को सुनें और उनकी समस्याओं को समझें। इससे पार्टी और मजबूत होगी।
बड़ी जिम्मेदारी के सवाल पर मुस्कुराए निशांत
बातचीत के दौरान जब निशांत कुमार से पूछा गया कि उन्हें पार्टी में बड़ी जिम्मेदारी दी गई है, तो वह मुस्कुराते नजर आए। उन्होंने इस सवाल पर कोई स्पष्ट राजनीतिक टिप्पणी नहीं की। हालांकि, जदयू कार्यालय में कार्यकर्ताओं की ओर से लगाए गए नारों ने निशांत कुमार की भूमिका और भविष्य की जिम्मेदारियों को लेकर राजनीतिक चर्चाओं को जरूर हवा दे दी है।
अभिजीत की रिपोर्ट