निशांत को जदयू में बड़ी जिम्मेदारी, पहली बार प्रदेश कार्यकारिणी में मिली जगह, नए प्रदेश उपाध्यक्ष और महासचिव घोषित
जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने 26 नवंबर को प्रदेश कार्यकारिणी की विस्तारित सूची की घोषणा की। इसमें कुल 137 नेताओं के नाम शामिल हैं। इसमें निशांत को पहली बार इस सूची में जगह दी गई है जो नीतीश कुमार के बेटे हैं.
JDU : बिहार की सियासत में जदयू ने संगठनात्मक स्तर पर एक अहम कदम उठाया है। पार्टी ने प्रदेश कार्यकारिणी की विस्तारित सूची जारी कर दी है। इस सूची में सबसे खास नाम मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे और बिहार सरकार में मंत्री निशांत कुमार का है। पहली बार निशांत कुमार को जदयू की राज्य कार्यकारिणी में जगह दी गई है। इसे पार्टी संगठन में उन्हें बड़ी जिम्मेदारी देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने 26 नवंबर को प्रदेश कार्यकारिणी की विस्तारित सूची की घोषणा की। इसमें कुल 137 नेताओं के नाम शामिल हैं। वहीं पार्टी ने प्रदेश उपाध्यक्ष, महासचिव और सचिव सहित विभिन्न पदों पर नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी है। वहीं निशांत कुमार का नाम भी 137 सदस्यीय प्रदेश कार्यकारिणी सूची में शामिल है।
निशांत को संगठन में बड़ी भूमिका देने की तैयारी?
निशांत कुमार को पहली बार राज्य कार्यकारिणी में शामिल किया जाना राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब तक उनकी भूमिका मुख्य रूप से पार्टी के कार्यक्रमों और राजनीतिक गतिविधियों में भागीदारी तक देखी जाती रही है। राज्य कार्यकारिणी में जगह मिलने के बाद संगठन में उनकी सक्रिय भूमिका का रास्ता खुल सकता है। इसे भविष्य में पार्टी के भीतर उन्हें बड़ी जिम्मेदारी सौंपने की दिशा में उठाए गए कदम के तौर पर भी देखा जा रहा है।
नए प्रदेश उपाध्यक्ष और महासचिव घोषित
प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा की ओर से जारी सूची में रामचरित्र सिंह, विजय सहनी और विश्वनाथ सिंह को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं, महासचिव के पद पर रघुवीर सिंह, राज कुमार सिंह, अमर कुमार चौधरी उर्फ भगवान चौधरी, डॉ. अजय कुमार, मुर्तुजा अली कैसर, राजकुमार झा, रघुनाथ शर्मा और ओमप्रकाश सिंह सेतु सहित कई नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है। मनीष कुमार को प्रदेश महासचिव के साथ मुख्यालय प्रभारी आईटी की जिम्मेदारी भी दी गई है।
52 जिला संगठन प्रभारियों की भी नियुक्ति
प्रदेश कार्यकारिणी के विस्तार के साथ ही जदयू ने 52 जिला संगठन प्रभारियों की नियुक्ति भी की है। पार्टी का लक्ष्य प्रदेश से लेकर जिला स्तर तक संगठन को मजबूत करना और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बढ़ाना है।
निशांत कुमार को राज्य कार्यकारिणी में जगह मिलने के बाद जदयू के संगठन में उनकी भूमिका और भविष्य की जिम्मेदारियों को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज होना तय है।