बांका एसपी अमितेश कुमार का औचक निरीक्षण: अवैध खनन, ओवरलोडिंग और जाम पर कसेगा शिकंजा
बांका पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार ने आनंदपुर थाना और यातायात थाना का निरीक्षण कर अपराध नियंत्रण, लंबित नक्सल मामलों के निष्पादन, रात्रि गश्ती, अपराधियों की निगरानी, eDAR/iRAD पंजी, दुर्घटना मुआवजा प्रस्ताव और यातायात व्यवस्था को लेकर कई अहम निर्देश
बिहार के बांका जिले में अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग व्यवस्था को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार ने आनंदपुर थाना का निरीक्षण किया। थाना पहुंचने पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया, जिसके बाद उन्होंने लंबित मामलों और अनुसंधान की प्रगति की समीक्षा की। एसपी ने विशेष रूप से लंबित नक्सल कांडों के निष्पादन में तेजी लाने तथा जांच को गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने का निर्देश दिया।
रात्रि गश्ती और अपराधियों पर निगरानी के आदेश
निरीक्षण के दौरान एसपी अमितेश कुमार ने ठंड के मौसम में गृहभेदन और चोरी की घटनाओं की आशंका को देखते हुए रात्रि गश्ती नियमित व प्रभावी करने को कहा। उन्होंने संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ-साथ जेल से बाहर आए अपराधियों की गतिविधियों की जानकारी जुटाने और विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सतर्कता बनाए रखने और लंबित मामलों के जल्द निपटारे पर भी जोर दिया गया।
यातायात थाना में अभिलेखों और संसाधनों की जांच
आनंदपुर थाना के बाद एसपी अमितेश कुमार ने पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) नीरज कुमार की मौजूदगी में यातायात थाना का निरीक्षण किया। उन्होंने महत्वपूर्ण अभिलेखों, संचिकाओं, eDAR/iRAD पंजी, लंबित कांडों और सड़क दुर्घटना पीड़ितों के मुआवजा प्रस्तावों की स्थिति का जायजा लिया। साथ ही ब्रेथ एनालाइजर, बॉडी-वॉर्न कैमरे, रिफ्लेक्टर, साइनेज, बैरिकेडिंग, गश्ती वाहनों और मालखाना की व्यवस्था व रखरखाव की जांच कर संसाधनों के प्रभावी उपयोग का निर्देश दिया।
मुआवजा प्रस्ताव और ब्लैक स्पॉट पर फोकस
एसपी ने लंबित मामलों और सड़क दुर्घटना पीड़ितों से जुड़े मुआवजा प्रस्तावों का समयबद्ध निष्पादन करने का निर्देश दिया। उन्होंने eDAR/iRAD अभिलेखों को नियमित रूप से अद्यतन रखने तथा दुर्घटना संभावित स्थलों और ब्लैक स्पॉट को चिह्नित कर आवश्यक सुरक्षात्मक कदम उठाने को कहा।
अवैध गतिविधियों और यातायात नियमों का सख्त पालन
अवैध खनन और परिवहन पर रोक लगाने, ओवरलोड वाहनों की सघन जांच करने तथा शराबबंदी कानून का सख्ती से अनुपालन कराने के लिए नियमित वाहन जांच बढ़ाने पर बल दिया गया। प्रमुख चौक-चौराहों पर जाम की समस्या से निपटने के साथ हेलमेट, सीट बेल्ट और गति सीमा जैसे नियमों का पालन कराने तथा जन जागरूकता बढ़ाने का निर्देश भी दिया गया।
पदाधिकारियों को जवाबदेही और तत्परता के निर्देश
निरीक्षण के अंत में एसपी ने सभी पदाधिकारियों और कर्मियों को संवेदनशीलता, जवाबदेही और तत्परता के साथ अपने दायित्व निभाने का निर्देश दिया। इस दौरान बेलहर के पुलिस उपाधीक्षक रविंद्र मोहन प्रसाद, पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) नीरज कुमार, संबंधित इंस्पेक्टर और अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
बांका से चंद्रशेखर कुमार भगत की रिपोर्ट