Bihar Politics : जेडीयू में शामिल होने के बाद पहली बार पैतृक घर पहुंचे निशांत कुमार, गंगा आरती में हुए शामिल

Bihar Politics : जदयू में इंट्री के बाद सीएम नीतीश के बेटे निशांत आज अपने पैतृक घर बख्तियारपुर पहुंचे. जहाँ उन्होंने गंगा आरती में शिरकत किया........पढ़िए आगे

पैतृक घर पहुंचे निशांत - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) में शामिल होने के बाद पहली बार अपने पैतृक निवास बख्तियारपुर पहुंचे। राजनीतिक पारी की शुरुआत के बाद अपने घर वापसी पर निशांत कुमार का स्थानीय लोगों और कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। इस दौरे की शुरुआत उन्होंने महान स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय शीलभद्र याजी की आदमकद प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर की। महापुरुषों को नमन करते हुए उन्होंने अपनी इस यात्रा को भावुक और प्रेरणादायक बताया।

अपने पैतृक क्षेत्र के भ्रमण के दौरान निशांत कुमार बख्तियारपुर के प्रसिद्ध सीढ़ी घाट पहुंचे, जहां उन्होंने मां गंगा की भव्य आरती में शिरकत की। घाट पर पहुंचते ही निशांत कुमार सीधे आम जनता और युवाओं के बीच पहुंच गए। उन्होंने सादगी के साथ हाथ जोड़कर बड़ों का आशीर्वाद लिया और युवाओं से हाथ मिलाकर उनका गर्मजोशी से अभिनंदन स्वीकार किया। लोगों के बीच उनकी सहजता और सरलता चर्चा का विषय बनी रही, जिससे स्थानीय लोग काफी उत्साहित नजर आए।

सीढ़ी घाट पर आयोजित गंगा आरती के अवसर पर लोगों का भारी हुजूम उमड़ पड़ा। अपने क्षेत्र के 'लाल' और राजनीति में कदम रख चुके निशांत कुमार की एक झलक पाने के लिए लोग घंटों पहले से ही घाट पर डटे रहे। भीड़ का आलम यह था कि घाट की सीढ़ियों से लेकर आसपास की सड़कें तक लोगों से खचाखच भरी हुई थीं। युवाओं में विशेष रूप से क्रेज देखा गया, जो निशांत कुमार के साथ अपनी एकजुटता प्रदर्शित करने और फोटो खिंचवाने के लिए आतुर दिखे।

गंगा आरती के दौरान निशांत कुमार पूरी तरह भक्ति भाव में डूबे नजर आए। उन्होंने विधि-विधान से मां गंगा को प्रणाम किया और आरती की पवित्र ज्योत से आशीर्वाद लिया। इस धार्मिक आयोजन के माध्यम से उन्होंने क्षेत्र की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। उनके साथ जेडीयू के कई स्थानीय नेता और भारी संख्या में समर्थक मौजूद रहे, जो लगातार उनके पक्ष में नारेबाजी कर माहौल को राजनीतिक और उत्साहपूर्ण बना रहे थे।

इस अवसर पर निशांत कुमार ने मीडिया और आम जन से बात करते हुए 'बिहार दिवस' की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि बिहार की गौरवशाली गाथा को आगे बढ़ाना हर युवा का कर्तव्य है। पैतृक घर पहुंचने पर मिले इस अपार प्रेम और समर्थन के लिए उन्होंने बख्तियारपुर की जनता का आभार व्यक्त किया। राजनीति में सक्रिय होने के बाद निशांत कुमार का यह दौरा नवादा और अन्य क्षेत्रों में चल रही परिवारवाद की बहस के बीच काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। 

रविशंकर की रिपोर्ट