पिता के ड्रीम प्रोजेक्ट पर भावुक हुए निशांत, मोदी के हाथों होगा ‘नीतीश सेतु’ का लोकार्पण
निशांत कुमार ने कहा कि नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री रहते हुए बिहार के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार काम किया। गंगा पर इस पुल का निर्माण भी उसी विकास सोच का हिस्सा है।
Bihar News : बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने हाजीपुर-सोनपुर के बीच बने गंगा पुल का नाम ‘नीतीश सेतु’ रखे जाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रति आभार जताया है। उन्होंने कहा कि यह नाम उनके पिता और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के 20 वर्षों के विकास कार्यों और प्रतिबद्धता को दर्शाता है। यह पुल उनके पिता का ड्रीम प्रोजेक्ट था। इसके शुरू होने से उत्तर बिहार और दक्षिण बिहार के बीच आवागमन आसान होगा। खासकर वैशाली और राघोपुर के लोगों को इसका बड़ा लाभ मिलेगा।
निशांत कुमार ने कहा कि नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री रहते हुए बिहार के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार काम किया। गंगा पर इस पुल का निर्माण भी उसी विकास सोच का हिस्सा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह सेतु बिहार के विकास और संपर्क व्यवस्था को नई गति देगा।
बिहार को 34,470 करोड़ की सौगात
दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज यानी 21 नवंबर को बिहार दौरे पर आ रहे हैं। इस दौरान वे वैशाली जिले में नीतीश सेतु का निरीक्षण करेंगे और फिर इसे राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इसके बाद वैशाली में आयोजित कार्यक्रम से बिहार को करीब 34,470 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। प्रधानमंत्री दोपहर करीब 1:15 बजे पुल का दौरा करेंगे, जबकि दोपहर 2 बजे विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे।
नीतीश सेतु इस दौरे का सबसे बड़ा आकर्षण है। करीब 4,280 करोड़ रुपये की लागत से बना यह 19.7 किलोमीटर लंबा छह लेन का पुल है। इसमें 9.7 किलोमीटर मुख्य पुल और 10 किलोमीटर संपर्क सड़कें शामिल हैं। यह पटना जिले के कच्ची दरगाह को वैशाली जिले के बिदुपुर से जोड़ेगा। इससे महात्मा गांधी सेतु और जेपी सेतु पर वाहनों का दबाव कम होगा। साथ ही राघोपुर दियारा के लोगों को पटना पहुंचने में बड़ी सुविधा मिलेगी।
नीतीश कुमार का ड्रीम प्रोजेक्ट कैसे हुआ पूरा?
इस पुल की कहानी वर्ष 2012 से शुरू होती है। उस समय नीतीश कुमार बिहार के मुख्यमंत्री थे। सितंबर 2012 में परियोजना को मंजूरी दी गई। वर्ष 2015 में बिहार सरकार ने इसे प्रशासनिक स्वीकृति दी और अंतरराष्ट्रीय निविदा की प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद 16 जनवरी 2017 को निर्माण कार्य शुरू हुआ। इस तरह करीब 14 वर्षों की लंबी प्रक्रिया के बाद यह महत्वाकांक्षी परियोजना पूरी हुई है। नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री रहते हुए इसकी परिकल्पना से लेकर निर्माण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई।
बिहार को और क्या-क्या देंगे प्रधानमंत्री?
नीतीश सेतु के अलावा प्रधानमंत्री 15,600 करोड़ रुपये से अधिक की पूरी हो चुकी परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। इनमें औरंगाबाद-चोरदाहा सड़क का छह लेन निर्माण, बक्सर थर्मल पावर प्रोजेक्ट की 660 मेगावाट क्षमता वाली दूसरी इकाई और बिजली वितरण एवं ट्रांसमिशन से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं।
इसके अलावा करीब 14,450 करोड़ रुपये की नई परियोजनाओं की आधारशिला रखी जाएगी। इनमें साहेबगंज-अरेराज-बेतिया फोरलेन सड़क, पीरपैंती सुपर थर्मल पावर प्रोजेक्ट के लिए बिजली निकासी व्यवस्था, विभिन्न शहरों में सीवरेज और जलापूर्ति योजनाएं, आईआईटी पटना का रिसर्च पार्क और छात्रावास प्रमुख हैं। प्रधानमंत्री बिहार में 100 पीएम-ई बसों को हरी झंडी दिखाएंगे। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के 26,900 से अधिक लाभार्थियों का गृह प्रवेश भी कराया जाएगा।
अभिजीत की रिपोर्ट