निशांत बनेंगे बिहार के उप मुख्यमंत्री ! पीएम मोदी के दौरे के पहले डिप्टी सीएम विजय चौधरी का बड़ा ऐलान

बिहार के मुख्यमंत्री रहे नीतीश कुमार के बेटे और वर्तमान स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को उपमुख्यमंत्री बनाए जाने की चर्चा के बीच डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी का बयान सामने आया है। पढ़िए उन्होंने निशांत को लेकर क्या कहा -

Nishant- फोटो : news4nation

Bihar News :  बिहार की सियासत में निशांत कुमार को उपमुख्यमंत्री बनाए जाने की चर्चा एक बार फिर तेज हो गई है। उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने मंगलवार को राजनीतिक हलकों में नई अटकलों को हवा दे दी है। उन्होंने कहा कि निशांत कुमार सब लोगों की इच्छा से आगे बढ़ रहे हैं और अगर वह सरकार में कोई बड़ी जिम्मेदारी संभालते हैं तो इसमें आश्चर्य की कोई बात नहीं होगी।


बिहार के मुख्यमंत्री रहे नीतीश कुमार के बेटे और वर्तमान स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को उपमुख्यमंत्री बनाए जाने की चर्चा के बीच डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी का बयान सामने आया है। निशांत को डिप्टी सीएम बनाने की संभावना पर पूछे गए सवाल के जवाब में विजय चौधरी ने कहा कि इसमें आश्चर्य की कोई बात नहीं है। निशांत कुमार सब लोगों की इच्छा से आगे बढ़ रहे हैं।


विजय चौधरी के इस बयान को निशांत कुमार की राजनीतिक भूमिका में संभावित विस्तार के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, उन्होंने निशांत को उपमुख्यमंत्री बनाए जाने की किसी औपचारिक घोषणा की बात नहीं कही है। उनके बयान के बाद बिहार की राजनीति में इस मुद्दे पर चर्चा और तेज हो सकती है।


यूपी चुनाव को लेकर जदयू की तैयारी

उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी ने उत्तर प्रदेश के आगामी चुनाव को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि जदयू और उसके सहयोगी दल यूपी चुनाव को लेकर तैयारी कर रहे हैं। पार्टी वहां अपनी राजनीतिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने में जुटी है।


21 नवंबर को प्रधानमंत्री की सभा बनेगी ऐतिहासिक  

विजय चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 21 नवंबर को होने वाले बिहार दौरे को लेकर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की सभा ऐतिहासिक होगी और बिहार के लोगों को इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए। इस दौरान उन्होंने कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन पुल का नाम पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर 'नीतीश सेतु' रखे जाने के फैसले की सराहना की। उन्होंने कहा कि जिन इलाकों को यह पुल सीधी संपर्कता प्रदान करेगा, वहां के लोगों में काफी उत्साह है।


नीतीश कुमार की सोच को सम्राट चौधरी आगे बढ़ा रहे

विजय चौधरी ने कहा कि कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल बनाने की परिकल्पना पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की थी। निर्माण कार्य में थोड़ी भी देरी होने पर नीतीश कुमार नाराज हो जाते थे। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के विकास कार्यों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पुल का नाम नीतीश कुमार के नाम पर रखा जाना बिहारवासियों के लिए सम्मान की बात है। नीतीश कुमार की राजनीतिक हैसियत को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहचान दी है।


विजय चौधरी के मुताबिक, बिहार में लगातार पुलों की श्रृंखला बढ़ रही है और नीतीश सेतु से उत्तर तथा दक्षिण बिहार के बीच आवागमन को मजबूती मिलेगी। प्रधानमंत्री जिस क्षेत्र में कार्यक्रम में शामिल होने आ रहे हैं, वहां के लोगों को भी इस पुल से काफी फायदा होगा। उन्होंने बिहारवासियों से प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की।


गौरतलब है कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 13 नवंबर को कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन पुल का नाम 'नीतीश सेतु' रखने की घोषणा की थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को बिहार दौरे के दौरान इसे राष्ट्र को समर्पित करेंगे।

अभिजीत की रिपोर्ट