Bihar board Exam: बिहार बोर्ड इंटर सेंटअप एग्जाम का शेड्यूल, 19 नवंबर से परीक्षा; जानें जरूरी नियम

Bihar board Exam: बिहार बोर्ड इंटर सेंटअप परीक्षा 19 नवंबर से शुरू होगी। 75 प्रतिशत से कम उपस्थिति वाले छात्र परीक्षा नहीं दे सकेंगे। अनुपस्थित या फेल होने पर एडमिट कार्ड नहीं मिलेगा।

Bihar board Exam

Bihar board Exam:

बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) की ओर से आयोजित इंटर की सेंटअप परीक्षा 19 नवंबर, गुरुवार से शुरू होगी। परीक्षा को लेकर विभागीय स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। परीक्षा का सही तरीके से संचालन कराने के लिए बोर्ड ने संबंधित शिक्षण संस्थानों के प्रधानाध्यापकों को केंद्र अधीक्षक (CS) की जिम्मेदारी दी है। इसके साथ ही परीक्षा को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश भी जारी किए गए हैं।


बोर्ड ने साफ किया है कि जिन विद्यार्थियों की कक्षा में उपस्थिति 75 प्रतिशत से कम है, उन्हें सेंटअप परीक्षा में शामिल होने की अनुमति नहीं दी जाएगी। जिले के सभी 250 इंटर स्तरीय शिक्षण संस्थानों में 12वीं की सेंटअप परीक्षा आयोजित की जाएगी। इन संस्थानों में 88 राजकीयकृत और 4 प्रोजेक्ट हाई स्कूल, 146 उत्क्रमित उच्च विद्यालय और 20 संबद्ध कॉलेज शामिल हैं। वहीं, जिले के 8 अनुदानित इंटर कॉलेजों का कोड रद्द है।


सेंटअप परीक्षा में 71,368 छात्र होंगे शामिल


मैट्रिक और इंटर की सेंटअप परीक्षा के लिए बिहार बोर्ड ने जिला शिक्षा कार्यालय के माध्यम से सीलबंद लिफाफे में प्रश्नपत्र भेजे हैं। इसके साथ ही ओएमआर शीट और उत्तर पुस्तिकाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। जिला शिक्षा कार्यालय के अनुसार, 17 और 18 नवंबर को कोड के अनुसार प्रश्नपत्र और उत्तर पुस्तिकाओं का वितरण किया जाएगा। इस बार सेंटअप परीक्षा में मैट्रिक के 39,111 और इंटर के 32,257 छात्र-छात्राओं के शामिल होने का अनुमान है। इस तरह कुल 71,368 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। हालांकि, यह आंकड़ा अभी पूरी तरह अंतिम नहीं है और इसमें बदलाव हो सकता है। बोर्ड ने फरवरी 2027 में होने वाली वार्षिक परीक्षा में शामिल होने वाले नियमित, स्वतंत्र और क्वालिफाइंग श्रेणी के विद्यार्थियों के लिए सेंटअप परीक्षा देना अनिवार्य किया है।


सुबह 9:30 बजे से शुरू होगी पहली पाली


बिहार बोर्ड ने सेंटअप परीक्षा का समय भी तय कर दिया है। पहली पाली की परीक्षा सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:45 बजे तक होगी। वहीं, दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक चलेगी। परीक्षार्थियों को प्रश्नपत्र पढ़ने और समझने के लिए 15 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा।पहले दिन पहली पाली में कला संकाय के विद्यार्थियों की फिलॉसफी, वाणिज्य संकाय के विद्यार्थियों की इंटरप्रेन्योरशिप और विज्ञान संकाय के विद्यार्थियों की फिजिक्स की परीक्षा होगी।


दूसरी पाली में कला संकाय के विद्यार्थियों की पॉलिटिकल साइंस, वाणिज्य संकाय के विद्यार्थियों की अकाउंटेंसी और विज्ञान संकाय के विद्यार्थियों की केमिस्ट्री की परीक्षा आयोजित की जाएगी। वहीं, वोकेशनल कोर्स के विद्यार्थी पहली पाली में फाउंडेशन कोर्स और दूसरी पाली में इलेक्टिव विषय की परीक्षा देंगे। इंटर की सेंटअप परीक्षा छुट्टियों को छोड़कर 19 से 28 नवंबर तक होगी। वहीं, मैट्रिक की सेंटअप परीक्षा 23 से 27 नवंबर तक आयोजित की जाएगी।


अनुपस्थित या फेल होने पर नहीं मिलेगा एडमिट कार्ड


परीक्षा में गड़बड़ी रोकने के लिए बिहार बोर्ड ने शिक्षकों को जरूरी निर्देश दिए हैं। प्रश्नपत्र का सील खोलते समय केंद्र अधीक्षक के साथ दो वीक्षकों के हस्ताक्षर भी अनिवार्य होंगे। परीक्षा को कदाचारमुक्त रखने के लिए संबंधित शिक्षण संस्थानों के शिक्षकों को वीक्षक की जिम्मेदारी दी गई है। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि सेंटअप परीक्षा में अनुपस्थित रहने या फेल होने वाले विद्यार्थियों का एडमिट कार्ड जारी नहीं किया जाएगा। ऐसे विद्यार्थी फरवरी 2027 में होने वाली वार्षिक परीक्षा में शामिल नहीं हो सकेंगे।


17 और 18 नवंबर को परीक्षा सामग्री का होगा वितरण


जिला कार्यक्रम पदाधिकारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि मैट्रिक और इंटर की सेंटअप परीक्षा के लिए बोर्ड ने प्रश्नपत्र और उत्तर पुस्तिकाएं उपलब्ध करा दी हैं। संबंधित शिक्षण संस्थानों के शिक्षक 17 से 18 नवंबर के बीच परीक्षा सामग्री का उठाव कर लेंगे।


वहीं, जिला शिक्षा पदाधिकारी दया शंकर सिंह ने बताया कि परीक्षार्थियों को मोबाइल फोन या किसी अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण के साथ परीक्षा कक्ष में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। परीक्षा में अनुपस्थित रहने वाले विद्यार्थियों को अंतिम परीक्षा में शामिल होने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने बताया कि विषयवार परीक्षा पूरी होने के बाद संबंधित विषय के शिक्षक उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन करेंगे। इसके बाद रिजल्ट हार्ड कॉपी और सॉफ्ट कॉपी, दोनों रूपों में बिहार बोर्ड को भेजना होगा।